बागपत : रामलीला में विवाद के बाद स्कूल में बवाल, पुलिस पर पथराव; 71 पर FIR दर्ज कर 7 लोगों को किया गिरफ्तार
बागपत के एक इंटर कॉलेज में रामलीला विवाद के बाद दो गुटों में जमकर बवाल हुआ, जिसमें पुलिस पर भी ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
रामलीला विवाद के बाद स्कूल में बवाल हुआ।
दोनों पक्षों ने पुलिस पर भी पथराव किया।
71 लोगों पर मुकदमा, सात आरोपी गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, बागपत। तीन दिन पहले रामलीला में हुए विवाद के बाद बुधवार को इंटर कालेज में बवाल हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ही नहीं, बल्कि पुलिस पर भी पथराव किया। इससे भगदड़ मच गई। पुलिसकर्मियों ने दीवार का सहारा लिया तो शिक्षकों ने स्कूल के दरवाजे बंद कर लिए। पथराव में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के 21 नामजद समेत 71 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों गांवों में सांप्रदायिक तनाव देखते हुए पुलिस-पीएसी तैनात की गई है। शास्त्री स्मारक इंटर कालेज अहमद शाहपुर में महेश कुमार का बेटा विकुल कक्षा 11 का छात्र है। तीन दिन पूर्व विकुल अहमद शाहपुर गांव में रामलीला देखने आया था। यहां गय्यूर के बच्चों के साथ उसका विवाद हो गया था।
महिलाओं ने किया हंगामा
विकुल बुधवार सुबह विद्यालय पहुंचा तो थोड़ी देर बाद ही गय्यूर पक्ष के पांच-छह युवकों ने विद्यालय में जबरन घुसकर विकुल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बचाव करने पर कक्षा नौ के छात्र मोहित के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद दोनों पक्षों में संघर्ष हुआ। ग्रामीण एकत्र हो गए। एक हमलावर को पकड़कर स्कूल के कमरे में बंद कर लिया गया। इस पर आरोपित पक्ष की महिलाओं ने हंगामा किया।
एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित शांत नहीं हुए। बाद में पुलिस ने लाठियां फटकार कर उन्हें तितर-बितर किया। चौकी प्रभारी एसआइ सीमा सिंह ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि झगड़े की सूचना पर पुलिस पहुंची तो गय्यूर पक्ष और महेश पक्ष के लोग लाठी-डंडों, फरसा, भाले, लोहे की राड, ईंट-पत्थरों से एक-दूसरे पर गाली-गलौज करते हुए वार कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- दीपोत्सव में इस बार फसाड लाइट से जगमग होगा रामलला का धाम, हैवल्स ने संभाली कमान
स्कूल में छात्र व अध्यापकों ने खिड़की और दरवाजे बंद कर लिए। विद्यार्थी चीख-पुकार मचा रहे थे। समझाने की कोशिश करने पर दोनों पक्षों ने पुलिस पर भी पथराव किया। बाद में आरोपित धमकी देते हुए खेतों की ओर भाग गए। एएसपी का कहना है कि शेष आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। दोनों गांवों में पुलिस बल तैनात है।
