संपति विवाद में रिश्ते हुए तार-तार, घर में नहीं रखने दिया बहू का शव... मंदिर में गुजरी रात
संपत्ति विवाद के चलते गर्भवती शिवानी का शव ससुराल में रखने से रोका गया, जिसके कारण परिवार को रात मंदिर ...और पढ़ें

मौके पर जुटी भीड़। जागरण
HighLights
गर्भवती शिवानी का शव ससुराल में नहीं रखने दिया गया।
संपत्ति विवाद के कारण परिवार ने मंदिर में रात गुजारी।
पुलिस हस्तक्षेप के बाद मकान से शव उठाया गया।
जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। बिजरौल गांव में संपत्ति विवाद के चलते रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पैर फिसलने से पंजाब में जान गंवाने वाली गर्भवती शिवानी का शव ससुराल पहुंचा तो ताऊ नेमचंद ने उसे घर में रखने से रोक दिया। इसके चलते स्वजन को रात रविदास मंदिर में शव रखकर गुजारनी पड़ी।
बुधवार सुबह शव को लेकर जमकर हंगामा हुआ। स्वजन ने ताऊ के मकान का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से सहमति बनी और हंगामे के बीच मकान की गैलरी से अर्थी उठाई गई।
पुलिस के अनुसार, शिवानी का पति सागर और उसका परिवार पंजाब में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। मंगलरात रात स्वजन शिवानी का शव लेकर बिजरौल पहुंचे थे। यहां मकान को लेकर सागर के पिता मेहराज और उसके भाई नेमचंद के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला अदालत तक पहुंचा था, जहां फैसला नेमचंद के पक्ष में आया था।
बाद में मेहराज का परिवार दूसरी जगह रहने लगा था। इसी विवाद के चलते नेमचंद ने शिवानी का शव मकान में रखने से मना कर दिया। इससे नाराज शिवानी के पति और मायके वालों ने बुधवार सुबह दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। इसके बाद ताऊ के घर की गैलरी से शव उठाकर अंतिम संस्कार किया गया।