बागपत में यमुना खादर में अवैध खनन पर पुलिस का शिकंजा, जेसीबी और दो डंपर किए गए सीज
छपरौली पुलिस ने टांडा गांव स्थित यमुना खादर में अवैध बालू खनन की शिकायत पर छापा मारा। पुलिस ने मौके ...और पढ़ें

यमुना खादर में अवैध खनन के दौरान जेसीबी और दो डंपर किए गए सीज।
HighLights
यमुना खादर में अवैध बालू खनन पर पुलिस का छापा।
एक जेसीबी मशीन और दो डंपर पुलिस ने किए सीज।
हरियाणा-यूपी सीमा विवाद के बावजूद छपरौली पुलिस की कार्रवाई।
संवाद सूत्र, छपरौली। टांडा गांव स्थित यमुना खादर में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन की शिकायत पर सोमवार तड़के पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई से खनन में जुटे लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से खनन कार्य में लगी एक जेसीबी मशीन और दो डंपरों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
सोमवार सुबह करीब चार बजे छपरौली पुलिस को टांडा यमुना खादर क्षेत्र में अवैध रूप से बालू खनन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखते ही खनन में जुटे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इस दौरान मौके पर हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा को लेकर पुलिस और खनन कर रहे लोगों के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई। खनन में शामिल लोगों का दावा था कि खनन स्थल हरियाणा सीमा में आता है और उनके पास वैध पट्टा है। उन्होंने मौके पर हरियाणा पुलिस को भी सूचना देकर बुला लिया।
इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस के बीच सीमा को लेकर काफी देर तक नोकझोंक होती रही। घंटों चली बातचीत व जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने के बाद छपरौली पुलिस ने खनन कार्य में इस्तेमाल की जा रही एक जेसीबी मशीन और दो डंपरों को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में जुटे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर यमुना खादर में अवैध रूप से खनन का कार्य कर रही एक जेसीबी व दो डंपरों को मौके से कब्जे में लेकर सीज किया गया है।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में बालू खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- अब रेलवे कर्मचारी नहीं कर सकेंगे सीयूजी नंबर का निजी इस्तेमाल, संबंधित विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी
