विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाट्सएप काल कर मांगे 12 हजार रुपये, फंसाने की दी धमकी... रिक्रूट समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

By Kapil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 13 Nov 2026 12:57 PM (IST)

बागपत में एक घरेलू विवाद में पुलिसकर्मियों पर परिवार को परेशान करने और व्हाट्सएप कॉल पर 12 हजार रुपये की ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. पुलिसकर्मियों ने व्हाट्सएप कॉल पर 12 हजार रुपये मांगे।

  2. घूस न देने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

  3. तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर जांच बिठाई गई।

जागरण संवाददाता, बागपत। घरेलू विवाद में महिला के फोन करने पर पांच पुलिसकर्मियों ने एक परिवार का उत्पीड़न किया। पांच पुलिसकर्मियों ने वाट्सएप काल कर 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी तथा न देने पर मकान में दबिश देते हुए परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज कर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसकी एसपी पूर्णेन्दु सिंह से शिकायत की गई। एसपी ने इनमें से तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया, जिनमें एक रिक्रूट शामिल है। साथ ही 24 घंटे में जांच कर क्राइम ब्रांच को रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

मुजफ्फरनगर के गांव कल्याणपुर निवासी सलामुद्दीन ने बताया कि उनकी बेटी रासिना का निकाह अमजद निवासी बागपत के गांव फौलादनगर के साथ हुआ है। तीन नवंबर को अमजद के सबसे बड़े भाई सादिक मझले भाई सन्नवर की पत्नी से कहासुनी हो गई थी। महिला ने पुलिस को फोन कर दिया था। आरोप है कि दो पुलिसकर्मी ने घर पहुंचकर सादिक की गिरफ्तारी न हो, इसके एवज में चार हजार रुपये की डिमांड की। अमजद द्वारा रुपये देने से मना करने पर सादिक को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया।

चार नवंबर को जमानत कराने के लिए बड़ौत तहसील पहुंचे तो एक पुलिसकर्मी ने अमजद के साथ गाली-गलौज कर फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। कहा कि अपना बचाव चाहता है तो उनके साथी पुलिसकर्मी से बात कर लेना, जिसका मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया। अमजद ने फोन नहीं किया। चार नवंबर की रात नौ बजे अमजद के घर दो पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर महिला व बच्चों को डराते-धमकाते हुए अमजद के बारे में पूछताछ की।

पांच नवंबर की सुबह 9:20 बजे और दोपहर 3:42 बजे अमजद के मोबाइल पर एक पुलिसकर्मी ने फोन कर अभद्र व्यवहार करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। वाट्सएप काल कर 12 हजार रुपये की मांग की गई, जिसकी रिकार्डिंग दूसरे मोबाइल में की गई। नौ नवंबर को अमजद के घर आकर दो पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की। 10 नवंबर की रात 11:30 बजे पांच पुलिसकर्मियों ने सादिक के घर पहुंचकर महिला और बच्चों को डरा-धमकाकर अमजद के बारे में पूछताछ की।

11 नवंबर की देर रात 1:47 बजे वाट्एसप काल कर 12 हजार रुपये की पुन: मांग करते हुए फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। सलामुद्दीन ने पूरे घटनाक्रम की एसपी से शिकायत की। एसपी पूर्णेंदु सिंह का कहना है कि मामले में दोघट थाने के हेड कांस्टेबल अनिल कुमार व जितेंद्र तथा रिक्रूट आरक्षी संतोष को लाइन हाजिर किया गया है। मामले की जांच 24 घंटे के अंदर क्राइम ब्रांच को करने के लिए निर्देश दिए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।