विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनाथ बच्चों के बाल नोचकर पीटती थी केयर टेकर मैडम! एनजीओ ब्लैक लिस्टेड, दूसरी संस्था को मिला जिम्मा

By Zaheer Hasan Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 13 Nov 2026 01:51 PM (IST)

बागपत में अनाथ बच्चों से अमानवीय व्यवहार करने वाली केयरटेकर अंकिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। प्रशासन ने दोषी ...और पढ़ें

बालगृह का निरीक्षण करते जिला प्रोबेशन अधिकारी राहुल वर्मा l सौ. कर्मचारी

बालगृह का निरीक्षण करते जिला प्रोबेशन अधिकारी राहुल वर्मा l सौ. कर्मचारी

HighLights

  1. केयरटेकर अंकिता बच्चों के बाल नोचकर पीटती थी।

  2. अमानवीयता के कारण दोषी एनजीओ ब्लैकलिस्ट की।

  3. नई संस्था को बाल संरक्षण गृह का जिम्मा सौंपा गया।

जागरण संवाददाता, बागपत। अनाथ बच्चों से अमानवीयता पर प्रशासन ने सरूरपुर कलां में बाल संरक्षण गृह के संचालनकर्ता एनजीओ को ब्लैक लिस्टेड कर दूसरी संस्था को जिम्मा सौंपा है। नई संस्था शुक्रवार से बाल संरक्षण गृह का संचालन शुरू करेगी। अधिकारियों ने बाल संरक्षण गृह में जाकर बच्चों का हाल जाना और भविष्य में कोई परेशानी नहीं होने देने का विश्वास दिलाया। वहीं, बच्चों से अमानवीयता की आरोपित अंकिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सरूरपुर कलां गांव में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे किनारे धर्मशाला में घरौंदा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा बाल एवं शिशु गृह का संचालन किया जा रहा था, मगर केयरटेकर अंकिता द्वारा बच्चों से अमानवीयता बरतने का मामला सामने आने के बाद गुरुवार को डीएम दिव्यांशु पटेल के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी राहुल वर्मा ने घरौंदा वेलफेयर सोसाइटी गाजियाबाद को हटाकर उनकी जगह माइक्रोनेट आइटी एजुकेयर सोसाइटी मुजफ्फरनगर को बालगृह संचालन का जिम्मा दिया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह से नई संस्था इस बालगृह को अपने अधीन लेकर संचालन शुरू करेगी।

इस नई संस्था को बालगृह का सामान दिलाने के लिए वह खुद सरूरपुर कलां जाएंगे। वहीं, जिला प्रोबेशन अधिकारी राहुल वर्मा, चाइल्ड हेल्पलाइन की प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर वंदना गुप्ता और अन्य अधिकारियों ने बाल गृह जाकर बच्चों का हाल जाना और जांच-पड़ताल की। डीएम दिव्यांशु पटेल ने बताया कि इन बच्चों के स्वास्थ्य का नियमित परीक्षण करने का जिम्मा जिला अस्प्ताल के चिकित्सकों को दिया गया है। उधर, बागपत कोतवाली पुलिस ने आरोपित केयरटेकर के खिलाफ दर्ज मुकदमे के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

यह था मामला
बालगृह में छह माह से सात वर्ष आयु तक के कुल पांच बच्चे हैं। चाइल्ड हेल्पलाइन की प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर वंदना गुप्ता ने 11 नवंबर को बागपत कोतवाली पर बालगृह की केयरटेकर अंकिता के खिलाफ पांचों बच्चों से दुर्व्यवहार जैसे डांटना, धमकाना, तेज बोलना, मारना-पीटना तथा एक दिव्यांग बच्चे के साथ मारपीट एवं उपहार में दी गईं सामग्री को घर चोरी से ले जाने, समय से बच्चों को खाना नहीं देकर अनाथ बच्चों के मानवाधिकारों का उल्लंघन आदि का मुकदमा दर्ज कराया था। बताते चलें कि डीएम दिव्यांशु पटेल की पत्नी स्वाति सहगल दीपावली पर बालगृह में बच्चों को उपहार देने के लिए गईं। तब बच्चों से अलग से बात की तो उन्होंने केयरटेकर द्वारा मारपीट तथा उन्हें मिले उपहार अपने घर ले जाने की शिकायत की थी।

रोंगटे खड़े करने वाली कहानी सुनाई दिव्यांग बच्चे ने
बागपत : सरूरपुरकलां में बाल गृह का निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों को दिव्यांग बच्चे ने रोंगटे खड़े करने वाली कहानी सुनाई। सूत्रों ने बताया कि दिव्यांग बच्चे को जब विश्वास में लेकर अलग से बात की गई तो उसने अमानवीयता की पोल खोलते हुए कहा कि मैडम यानी केयर टेकर उसके सिर के बाल नोचकर पीटती थी।

स्टाफ न संसाधन...फिर भी बाल गृह
15 अगस्त को शुरू हुआ यह बाल गृह में सुविधाओं के नाम पर अव्यवस्था के सिवा कुछ नहीं है। इसका शुभरंभ कराते समय प्रशासन ने दानदाताओं से बच्चों के लिए चार-पांच लाख रुपये का सामान जैसे फ्रीज, बेड तथा अन्य सामान दिलाया, तब इसका संचालन शुरू हो पाया था। स्टाफ के नाम पर केयर टेकर को छोडकर बाकी स्टाफ नहीं है। बता दें कि नियमानुसार बाल गृह में प्रबंधक, एक स्पेशल वर्कर, एक नर्स, एक डाक्टर पार्ट टाइम तथा छह आया होनी चाहिए, लेकिन यहां ऐसा कुछ भी नहीं। जिला प्रोबेशन अधिकारी राहुल वर्मा ने कहा कि इस बाल गृह पर सरकारी बजट खर्च नहीं कियाा गया, क्योंकि इसे एनजीओ संचालित कर रहा है।

दूसरी संस्था को इसका जिम्मा दिया गया है
बच्चों से अमानवीय व्यवहार करने के मामले में बाल गृह संचालित करने वाले एनजीओ को ब्लैक लिस्टेड कर दूसरी संस्था को इसका जिम्मा दिया गया है। दिव्यांग बच्चे समेत सभी बच्चों की देखभाल और उनकी पढ़ाई व स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था कराई जा रही है। दिव्यांशु पटेल, डीएम।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।