बागपत में जमीन अधिग्रहण का मामला! बाजार के बराबर सर्किल रेट की मांग, किसान परिवारों को नौकरी व प्लाट भी दें
बागपत में यूपीसीडा द्वारा औद्योगिक विकास के लिए जमीन अधिग्रहण के मामले में किसानों ने बाजार के बराबर सर्किल रेट, ...और पढ़ें

कलक्ट्रेट में भूमि अधिग्रहण के मामले में मुआवजे को लेकर विधायक योगेश धामा व एडीएम राजीव कुमार राय के साथ बैठक करते 12 गांवों के किसान। जागरण
HighLights
किसान बाजार दर के बराबर सर्किल रेट की मांग कर रहे हैं।
अधिग्रहण पर किसान परिवारों को नौकरी व प्लाट भी मिलें।
विधायक योगेश धामा और एडीएम ने किसानों की बात सुनी।
जागरण संवाददाता, बागपत। यूपीसीडा बागपत के 12 गांवों की दो हजार हेक्टेयर जमीन औद्योगिक विकास के लिए लेना चाहता है। इस मामले को लेकर शासन के निर्देश पर कलक्ट्रेट में भाजपा विधायक योगेश धामा की अध्यक्षता में किसानों की एडीएम राजीव राय के साथ बैठक हुई। विधायक ने कहा कि इन गांवों की जमीन का सर्किल रेट बाजार रेट के बराबर तय किया जाए। हम किसी भी सूरत में किसानों का अहित नहीं होने देंगे। एडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दरअसल, इन गांवों के हजारों किसानों की मांग है कि वर्तमान में उनकी जमीन का सर्किल रेट बहुत कम है, क्योंकि पिछले काफी दिनों से सर्किल रेट नहीं बढ़ा। सर्किल रेट बाजार के रेट के बराबर किया जाए। विधायक योगेश धामा ने किसानों की मांग पूरी कराने के लिए हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर सर्किल रेट बढ़वाने का अनुरोध किया था। इसपर शासन ने जिला प्रशासन को विधायक तथा किसानों के साथ बैठक कर सर्किल रेट का ममाला हल किया जाए।
इसी क्रम में एडीएम राजीव कुमार ने शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेकर विधायक व किसानों की बात सुनी। विधायक योगेश धामा ने कहा कि किसानों की भूमि का सर्किल रेट वर्तमान बाजार रेट के बराबर तय किया जाए। 12 गांवों समेत बागपत एनसीआर का हिस्सा है। एनसीआर में जमीन के दाम आसामन छू रहे हैं, ऐसे में सर्किल रेट भी बढ़ना चाहिए। एडीएम राजीव राय ने उचित कार्रवाई कराने का भरोसा दिया। विधायक ने कहा कि सर्किल रेट बाजार रेट के बराबर होने की कार्रवाई शुरू कराने का आश्वासन मिला है।
सीएम आदित्यनाथ किसानों के हितों के लिए कार्य कर रहे हैं। कई किसानों ने जमीन अधिग्रहण होने पर किसानों के परिवारों को नौकरी, प्लाटिंग दिलाने आदि की मांग भी रखी। चीनी मिल बापगपत के उपसभापति चौ. कृणपाल, बाबूराम त्यागी, भोपाल प्रधान, नरेश प्रधान और पवन समेत अनेक किसान मौजूद रहे। यूपीसीडा ने औद्योगिक विकास के लिए सरफाबाद, भागोट, नंगला अगरी, पूरनपुर नवादा, गढ़ी कलंजरी, फुलेरा, आलमगीरपुर तुकली, सिंघौली तगा, नंगला वाहन, गौना, शहानवानपुर और लहचौडा आदि गांवों की भूमि को चिन्हित की हुई है।