बागपत में राकेश टिकैत के भांजे के बिगड़े बोल, कहा- पुराने वाहन अगर पकड़े तो पड़ेंगे जूते
बागपत में भाकियू समेत कई किसान संगठनों ने अवधि पूर्ण कर चुके वाहनों को जब्त किए जाने के विरोध में एआरटीओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया।
HighLights
बागपत में किसानों ने पुराने वाहन जब्त करने के खिलाफ प्रदर्शन किया।
टिकैत के भांजे ने पुराने वाहन पकड़े जाने पर जूते मारने की चेतावनी दी।
वार्ता के बाद धरना एक सप्ताह के लिए स्थगित, कार्रवाई जारी रहेगी।
जागरण संवाददाता, बागपत। एनसीआर में अवधि पूर्ण कर चुके वाहनों को जब्त किए जाने के विरोध में भाकियू समेत कई किसान संगठनों ने एआरटीओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। एआरटीओ विपिन कुमार और पीटीओ संदीप जायसवाल को धरना स्थल पर बैठकर खरी-खोटी सुनाई।
गाड़ी के आगे ट्राली खड़ी गई। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत के भांजे राजेंद्र चौधरी ने यहां तक कह दिया कि दादागिरी नहीं चलेगी...पुराने वाहन पकड़े तो जूते पड़ेंगे। भाकियू ने वार्ता के बाद एक सप्ताह के लिए धरना स्थगित किया है।
परिवहन विभाग के अधिकारी 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को जब्त कर स्क्रैप सेंटर भेज रहे हैं। 400 से ज्यादा वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। बताया गया कि 40 हजार वाहनों पर कार्रवाई होनी है। इसके विरोध में बुधवार को भाकियू के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पदाधिकारी व कार्यकर्ता एआरटीओ कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने नारेबाजी कर धरना-प्रदर्शन किया। एआरटीओ व पीटीओ को कार्यालय पर लेने पहुंचे, नहीं आए तो हंगामा बढ़ गया। इसके बाद दोनों अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे।
नकी किसानों से तीखी नोकझोंक हुई। भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह गुर्जर ने कहा कि एक दिन का धरना देकर ट्रेलर दिखाया गया है। अगर यह कार्रवाई नहीं रोकी गई, तो बड़ा आंदोलन होगा। सरकार मनमानी कर रही है। पूजीपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
कार्रवाई से किसानों, मजदूरों पर आर्थिक और मानसिक रूप से बुरा असर पड़ रहा है। टिकैत के भांजे एवं भाकियू नेता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि जनपद चलो न चलो, यहां पर लीपापोती नहीं चलेगी, जिसकी बाइक ले रखी है उन्हें लौटाई जाए। बेचने के लिए आठ दिन का समय दिया जाए, कार्रवाई करनी है तो नोटिस दिया जाए, दादागिरी नहीं चलने दी जाएगी।
इसके बाद वाहन पकड़े तो जूते बजवा देंगे। थांबा चौधरी यशपाल सिंह, देवेंद्र गांगनौली, खाप चौधरी ओमपाल दांगी, जितेंद्र चौधरी, जिला जाट महासभा के अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, प्रदीप धामा, विनोद खेड़ा, सपा नेता अर्जुन अवार्डी सोकेंद्र तोमर, रवि बैसला, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष सिंह तोमर व महामंत्री अजित सिंह आदि ने अपने विचार रखे।
अध्यक्ष प्रताप गुर्जर का कहना है कि वार्ता में सहमति बनी है कि आरटीओ उक्त वाहनों पर कार्रवाई नहीं करेंगे तथा उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराएंगे। एक सप्ताह के लिए धरना स्थगित किया गया है। उधर, एआरटीओ का कहना है कि फिलहाल कार्रवाई जारी रहेगी। पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा, जिनके आदेश का पालन किया जाएगा।
प्रदूषण की चिंता है तो नदियों की सफाई कराओ
धरनास्थल पर भाकियू नेताओं ने कहा कि हिंडन और कृष्णी नदी कैंसर परोस रही हैं। यदि प्रदूषण की इतनी चिंता है तो एनजीटी और अन्य अधिकारी दोनों नदियों की सफाई कराएं।
