रविवार को है 900 लोगों की दावत! मौत का इंतजार नहीं... जीते जी अपनी तेरहवीं कर रहे 80 साल के बलजोर
बागपत के जौहड़ी गांव में 80 वर्षीय बलजोर ने अपनी मृत्यु के बाद होने वाली तेरहवीं का आयोजन जीते जी ...और पढ़ें

HighLights
80 वर्षीय बलजोर ने जीते जी अपनी तेरहवीं की दावत दी।
बागपत के जौहड़ी गांव में यह अनोखी पहल की गई।
लगभग 900 लोगों के लिए भोज का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। जनपद के गांव जौहड़ी से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो बदलते रीति-रिवाज और परंपराओं को लेकर नई चर्चा छेड़ रही है। यहां 80 साल के एक बुजुर्ग ने अपनी मौत के बाद होने वाली तेरहवीं का इंतजार करने के बजाए जीते जी ही इसका आयोजन करने का फैसला किया है। घर में उत्सव जैसा माहौल है, आंगन में भट्ठी चढ़ी है। हलवाई पकवान बनाने में जुटे हैं और रविवार को लगभग 900 लोग भोज में शामिल होंगे।
जौहड़ी निवासी बलजोर पुत्र कनक सिंह के पास दो बीघा कृषि भूमि और अपना मकान है। परिवार में बेटा नहीं, बल्कि एक बेटी पिंकी है, जिसकी शादी सुखपाल निवासी सरूरपुर कलां गांव से हुई है। बेटी के परिवार में तीन नातिन और एक नाती मुकुल हैं। बलजोर का कहना है कि जीवन में उन्होंने समाज के लोगों के साथ सुख-दुख साझा किया है। अनेक लोगों के यहां आमंत्रण पर भोज में शामिल हुए हैं। समाज में उनकी अच्छी जान पहचान रही है।
बलजोर का स्पष्ट कहना है कि परंपराओं के अनुसार वे अपनी बेटी से कोई रुपया नहीं लेना चाहते और न ही मौत के बाद बेटी पर तेरहवीं के आयोजन का आर्थिक बोझ डालना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने फैसला किया है कि वह अपने जीवनकाल में ही समाज के लोगों को भोज कराकर इस जिम्मेदारी से मुक्त हो जाएं। मौत के बाद तेरहवीं में जो रस्म होती हैं, वे सभी उनके सामने ही पूरी की जाएंगी।
तेरहवीं का दिन आज यानी रविवार रखा गया है। सुबह घर पर हवन होगा, जिसमें रिश्तेदार और गांव क्षेत्र के लोग भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर में लगभग 900 लोगों के लिए भोज रखा गया है। दोपहर के समय उन्हें पगड़ी बांधी जाएगी। इसके बाद वह अपनी पगड़ी नाती मुकुल को सौंपेंगे। फूलमाला तस्वीर पर नहीं, बल्कि उनके गले में ही डाली जाएंगी। बलजोर का यह आयोजन पारंपरिक मृत्युभोज की प्रथा से अलग एक अनोखी पहल के रूप में देखा जा रहा है। पड़ोसी ओमपाल शर्मा का कहना है कि बलजोर के फैसले से वह पूरी तरह सहमत हैं।