विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सर्दी की दस्तक के साथ बदला फैशन का ट्रेंड, स्वेटर की जगह हुडी और पफर जैकेट की बढ़ी डिमांड

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:22 PM (GMT+05:30)

बड़ौत में सर्दी बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों के बाजार में नए फैशन का ट्रेंड दिख रहा है। इस बार भारी स्वेटर की जगह हुडी, पफर जैकेट और हल्के वजन के स्टाइलिश विंटर वियर की मांग बढ़ गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. बड़ौत में सर्दी बढ़ने से गर्म कपड़ों का नया कलेक्शन आया।

  2. भारी स्वेटर की जगह हुडी और पफर जैकेट की मांग बढ़ी।

  3. युवाओं को हल्के, स्टाइलिश और आरामदायक विंटर वियर पसंद।

जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। नवंबर महीने के आखिरी सप्ताह में सर्दी ने ठिठुराना शुरू कर दिया है। सुबह-शाम ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। इसका असर बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। गर्म कपड़ों की दुकानों और बड़े शोरूम में इस बार का नया कलेक्शन सज चुका है।

व्यापारियों का दावा है कि सर्दियों की जरूरत के मुताबिक लगभग 100 फीसद वैरायटी बाजार में आ चुकी है। अब दुकानदारों को कड़ाके की ठंड और ग्राहकों की खरीदारी तेज होने का इंतजार है।

कोट-पैंट की नई रेंज

इस बार गर्म कपड़ों के बाजार में पुराने डिजाइनों के साथ नए फैशन का मेल देखने को मिल रहा है। पुरुषों के लिए जैकेट, स्वेटशर्ट, गर्म शर्ट, ब्लेजर और फोर बटन कोट-पैंट की नई रेंज आई है।

वहीं युवतियों के लिए क्रसप जैकेट, शॉर्ट जैकेट, ओवरसाइज जैकेट और स्टाइलिश विंटर वियर आकर्षण का केंद्र हैं। बच्चों के लिए भी रंग-बिरंगे स्वेटर, हुडी और गर्म जैकेट के विकल्प मौजूद हैं।

बाजार में सामान्य गर्म कपड़ों के साथ इंपोर्टेड और स्क्वेयर पैटर्न वाले कपड़ों की भी रेंज उपलब्ध है। शोरूम में हल्के वजन की जैकेट से लेकर ज्यादा ठंड में पहने जाने वाले मोटे विंटर वियर तक के विकल्प हैं। खास बात यह है कि इस बार फैशन के साथ आराम और हल्के वजन वाले कपड़ों पर भी जोर है। युवा ऐसे कपड़े पसंद कर रहे हैं, जिन्हें रोजमर्रा के इस्तेमाल के साथ पार्टी और अन्य आयोजनों में भी पहना जा सके।

नए ट्रेंड में हैं ये कपड़ें

ओवरसाइज हुडी और जिप हुडी, पफर और क्विल्टेड जैकेट, टेडी और शेरपा जैकेट, विंटर को-आर्ड सेट, फाक्स फर और क्रॉप जैकेट, नई डिजाइन के थर्मल सेट, वेलवेट सूट और शाल, बाम्बर और वार्सिटी जैकेट आदि।

यह आया है फैशन में असली बदलाव

  • भारी-भरकम स्वेटर की जगह हल्की लेयरिंग वाले कपड़े बढ़ रहे हैं।
  • काले, ग्रे और नेवी के साथ आलिव, बरगंडी, चॉकलेट ब्राउन और बेज रंग पसंद किए जा रहे हैं।
  • महिलाओं के कपड़ों में टेडी, फर और को-आर्ड सेट का आकर्षण है।
  • पुरुषों में बाम्बर, पफर और ओवरसाइज हुडी लोकप्रिय है।
  • बच्चों के लिए रंगीन प्रिंटेड प्लीस और शेरपा जैकेट की वैरायटी है।

दुकानदारों की जुबानी, क्या है इस बार खास

गर्म कपड़ों में डिजाइन और वैरायटी दोनों में बदलाव देखने को मिल रहा है। पुरुषों के लिए जैकेट, ब्लेजर और कोट-पैंट के नए डिजाइन आए हैं। युवाओं में हल्की और स्टाइलिश जैकेट की मांग है। ठंड बढ़ने के साथ बिक्री में तेजी आने की उम्मीद है। -डीके जैन, मालिक डीके जैन एंड संस शोरूम।

 

क्रॉप जैकेट और शॉर्ट जैकेट के डिजाइन काफी पसंद आ रहे हैं। ऐसे कपड़े चाहिए जो गर्म भी रखें और देखने में स्टाइलिश भी हों। कॉलेज और बाहर आने-जाने के लिए हल्की जैकेट बेहतर रहती है। रंगों और डिजाइन में भी इस बार काफी विकल्प मिल रहे हैं। -अनुष्का शर्मा, वाजिदपुर।

 

जैकेट के साथ ब्लेजर और स्वेटशर्ट भी पसंद की जा रही हैं। रोजाना पहनने के लिए हल्की जैकेट और पार्टी या शादी समारोह के लिए ब्लेजर अच्छा विकल्प है। खरीदारी करते समय कीमत के साथ कपड़े की गुणवत्ता और उसकी गर्माहट भी देखते हैं। -विराट राणा, भड़ल।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।