नर्सिंग होम में दवाओं की खरीद-बिक्री का रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य, बागपत में संचालकों को दिया एक सप्ताह का समय
बागपत में नर्सिंग होम के मेडिकल स्टोर अब मरीजों को मनमाने दाम पर दवाएं नहीं बेच सकेंगे। शासन के आदेशानुसार, उन्हें हर दवा का बिक्री और खरीद मूल्य सार्वजनिक करना होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
नर्सिंग होम में दवाओं की खरीद-बिक्री मूल्य सार्वजनिक करना होगा।
अधिक कीमत पर दवा बेचने पर होगी सख्त कार्रवाई।
बागपत में सभी नर्सिंग होम को एक सप्ताह का समय।
जागरण संवाददाता, बागपत। नर्सिंग होम में संचालित मेडिकल स्टोर अब मरीजों को मनमाने दाम पर दवाएं नहीं बेच सकेंगे। शासन के आदेश के अनुसार, संचालकों को हर दवा का बिक्री मूल्य और एमआर या कंपनी से खरीदे जाने का मूल्य सार्वजनिक करना होगा। अधिक कीमत पर दवा बेचने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। औषधि निरीक्षक ने नर्सिंग होम संचालकों को इस संबंध में पत्र भेजा है।
जिले के सभी नर्सिंग होम की फार्मेसियों में दवाओं की बिक्री की जांच की जा रही है। यह अभियान चार दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान संचालकों के साथ बैठक कर शासन के आदेश की जानकारी दी जा रही है। औषधि निरीक्षक हेमेंद्र सिंह ने बताया कि फार्मेसी और नर्सिंग होम के बाहर मरीजों को दी जाने वाली दवाओं की खरीद और बिक्री की सूची चस्पा करनी होगी।
सभी जिलों के आदेश जारी
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने बागपत समेत सभी जिलों के लिए यह आदेश जारी किया है। उन नर्सिंग होम की फार्मेसियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, जहां भर्ती मरीजों के पास दवाएं और मेडिकल डिवाइस खरीदने के विकल्प सीमित हैं या उपलब्ध नहीं हैं।
सभी फार्मेसियों को अपनी वेबसाइट भी तैयार करानी होगी। उस पर फार्मेसी का विवरण, लाइसेंस संबंधी जानकारी और कार्यरत फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या व फोटो सार्वजनिक करना होगा। हेमेंद्र सिंह के मुताबिक, जिले में 84 नर्सिंग होम और क्लीनिक हैं, जहां संचालकों की अपनी फार्मेसी है।
दवाओं के दाम में बड़ा अंतर
नर्सिंग होम और क्लीनिकों की फार्मेसियों में मरीजों को दी जाने वाली दवाओं के दाम में बड़ा अंतर बताया जा रहा है। कुछ दवाएं 20-30 रुपये में खरीदी जाती हैं, जबकि उनका प्रिंट मूल्य कई गुना अधिक होता है। मरीजों को एक-दो रुपये की छूट देकर उनसे मोटी रकम वसूली जाती है। रेट लिस्ट लगाने से मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नर्सिंग होम और क्लीनिकों की फार्मेसी पर रेट लिस्ट चस्पा करना जरूरी है। इसके लिए सभी को आदेश का पालन करना होगा। बैठकें भी की जा रही है। सभी को एक सप्ताह का समय दिया गया। उसके बाद नियमित निरीक्षण किए जाएंगे। -हेमेंद्र सिंह, औषधि निरीक्षक।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।