विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागपत में ग्राम प्रधान के भाई भट्ठा मालिक को पीटकर मौत के घाट उतारा, सगे चाचा व भाइयों पर हत्या का आरोप

By Rajeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 13 Nov 2026 06:09 PM (IST)

बागपत के हलालपुर गांव में ग्राम प्रधान के छोटे भाई और भट्ठा मालिक संजीव खोखर की पीट-पीटकर हत्या कर दी ...और पढ़ें

हलालपुर गांव में विलाप करती मृतक की मां संतोष व परिवार की महिलाएं। जागरण

हलालपुर गांव में विलाप करती मृतक की मां संतोष व परिवार की महिलाएं। जागरण

HighLights

  1. ग्राम प्रधान और उनका भाई भी घायल, चाचा और उसके दो बेटों के खिलाफ हत्या का मुकदमा

  2. आरोपित चाचा दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त सिपाही, चचेरा भाई है उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही

संवाद सूत्र, जागरण. छपरौली (बागपत)। हलालपुर गांव में शुक्रवार सुबह ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी कर गन्ने भरने के दौरान पेड़ टूटने से शुरू हुए विवाद में ग्राम प्रधान के छोटे भाई भट्ठा मालिक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि प्रधान और उनका भाई घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने का आरोप मृतक के सगे चाचा और उसके दो बेटों पर लगा है। आरोपित चाचा दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त सिपाही है तो उसका एक बेटा उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है। वारदात के बाद तीनों आरोपित फरार बताए गए हैं।

हलालपुर गांव निवासी 43 वर्षीय संजीव खोखर अपने बड़े भाई सुधीर खोखर व छोटे भाई राजीव खोखर के साथ संयुक्त परिवार में रहते थे। तीनों भाइयों के घर के पास उनका ईंट भट्ठा और खेत हैं। सुधीर खोखर ग्राम प्रधान हैं। राजीव खोखर ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे वे अपने भाई सुधीर के साथ खेत में गए थे तो वहां पर उनका सगा चाचा उदयभान व उसके बेटे सनी और आर्यन खोखर उर्फ गोलू उनके ईंट भट्ठे में ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी कर गन्ने भर रहे थे। भट्ठे पर खड़े यूकेलिप्टिस के पेड़ तोड़ रखे थे।

राजीव खोखर ने बताया कि पेड़ तोड़ने का विरोध किया तो तीनों आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज कर मारपीट करने लगे। इसी बीच संजीव खोखर भी भट्ठे पर आ गया। आरोपितों ने ट्राली में लगे खलवों से उन पर हमला कर दिया। सनी ने अपने सिर से संजीव के सीने में जोर से टक्कर मार दी। मारपीट की घटना में तीनों भाई घायल हो गए। गंभीर चोट लगने से संजीव के मुंह से खून निकल आया और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। सीएचसी में संजीव को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

राजीव खोखर ने उदयभान, सनी और आर्यन उर्फ गोलू के खिलाफ तहरीर दी। उदयभान दिल्ली पुलिस में सिपाही थे, जो कुछ समय पहले सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि सनी खोखर उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है, जो लखनऊ में तैनात है। सीओ अंशु जैन ने बताया कि संजीव के शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उदयभान, सनी और आर्यन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं। उधर, मृतक के घर स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।