दोघट पुलिस ने शोषित क्रांति दल का जिलाध्यक्ष शांति भंग में पकड़ा
दोघट पुलिस ने शोषित क्रांति दल के जिलाध्यक्ष को हिरासत में ले लिया। सूचना मिलने पर दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बागपत पुलिस के अलावा डीजीपी को ट्वीट कर अवैध हिरासत की जानकारी देते हुए पुलिस पर अनुसूचित जाति के लोगों का शोषण करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपित का शांति भंग में चालान कर दिया। कार्रवाई को लेकर दल के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है
जागरण न्यूज नेटवर्क : दोघट पुलिस ने शोषित क्रांति दल के जिलाध्यक्ष को हिरासत में ले लिया। सूचना मिलने पर दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बागपत पुलिस के अलावा डीजीपी को ट्वीट कर अवैध हिरासत की जानकारी देते हुए पुलिस पर अनुसूचित जाति के लोगों का शोषण करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपित का शांति भंग में चालान कर दिया। कार्रवाई को लेकर दल के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।
भड़ल गांव में चर्म शोधन के कार्य गांव के अलावा आबादी के बाहर भी होता है। दोघट पुलिस को सूचना मिली कि गांव में अभी भी चर्म शोधन का काम कर रहे हैं। पुलिस गांव में पहुंची और आनंदपाल को पकड़कर थाने ले आई। आनंदपाल शोषित क्रांति दल का जिलाध्यक्ष है। शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत ने बताया कि इस बात का पता चला तो उन्होंने दोघट पुलिस से बातचीत करने के बाद बागपत पुलिस और डीजीपी को ट्वीट कर जिलाध्यक्ष की हिरासत को गलत बताया। पुलिस कार्रवाई पर सवाल भी उठाए। बागपत पुलिस ने ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि आनंदपाल को अनैतिक चर्म शोधन करते हुए पकड़ा गया है, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को ट्वीट कर पूछा कि क्या कमाकर खाना अनैतिक कार्य होता है। उसके बाद रविकांत ने सीओ बड़ौत से बात कर कई और ट्वीट किए। रविकांत ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई एकदम गलत है और इसका विरोध किया जाएगा।
उधर, एसओ दोघट रमेश सिंह सिद्धू ने बताया कि आनंदपाल गांव में चर्मशोधन कार्य कर रहा था, इसी को लेकर उसका शांति भंग में चालान किया गया है। इस कार्रवाई को लेकर दल के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।