विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाबाश अखिल! "अर्जुन" बनकर देश में बढ़ाया बागपत के अंगदपुर का मान... अलग करने की चाह ने बनाया निशानेबाज

By Manoj Kalina Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 14 Nov 2026 06:37 PM (IST)

निशानेबाज अखिल श्योराण को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया, जिससे उनके परिवार और बागपत जिले में खुशी की लहर है।

बागपत के गांव अंगदपुर में अर्जुन अवार्ड मिलने पर मिठाई खिलाकर खुशी मनाते अखिल के स्वजन व दिल्ली राष्ट्रपति भवन के बाहर अर्जुन अवार्ड लिए निशानेबाज अखिल श्योराण। सौ. स्वयं

बागपत के गांव अंगदपुर में अर्जुन अवार्ड मिलने पर मिठाई खिलाकर खुशी मनाते अखिल के स्वजन व दिल्ली राष्ट्रपति भवन के बाहर अर्जुन अवार्ड लिए निशानेबाज अखिल श्योराण। सौ. स्वयं

HighLights

  1. अखिल श्योराण को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन अवार्ड दिया।

  2. रोजगार की चाह में निशानेबाजी, जीते 33 अंतरराष्ट्रीय पदक।

  3. बागपत जिले के सातवें अर्जुन अवार्डी बने अखिल श्योराण।

संवाद सूत्र, बिनौली (बागपत)। अंगदपुर जौहड़ीके किसान रविंद्र सिंह के घर जन्मे निशानेबाज अखिल श्योराण को शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें देकर सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर स्वजन और ग्रामीणों ने खुशी मनाई। वहीं, जिले के निशानेबाजों में खुशी की लहर है। इस बार 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया गया।

निशानेबाजी खेल के लिए अखिल श्योराण को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह प्रतिष्ठित अवार्ड दिया। इस दौरान उनके पिता रविंद्र सिंह, मां ममता देवी व पत्नी श्रीयंका व छोटे भाई निखिल भी गौरवमयी समारोह के साक्षी बने। इस उपलब्धि पर स्वजन ने खुशी व्यक्त की। उधर, जिले के निशानेबाजों व प्रशिक्षकों में भी खुशी की लहर है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डा. कुल्प्रकाश, संजीव तोमर, संतोष, शंकर, अवनी, प्राची आदि ने मिठाई खिलाकर स्वजन को बधाई दी।

रोजगार पाने की चाह ने बनाया निशानेबाज
दो भाइयों में बड़े अखिल ने स्कूल में पढ़ते समय से निशानेबाजी शुरू की। कुछ अलग करने की लगन व लगातार कठिन परिश्रम के बूते अखिल ने आज जहां विश्व के सर्वोच्च निशानेबाजों में अपना स्थान बनाया है, वहीं देश के लिए कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कर गौरव बढ़ाया है। अखिल बताते हैं कि उनके पिता कहते थे कि शिक्षा के साथ यदि खेल में भी बड़ा लक्ष्य प्राप्त करें तो सरकार रोजगार देती है। इसको प्रेरणा मानकर वर्ष 2007 में अपने मेरठ स्थित गाडविन पब्लिक स्कूल में पढ़ते समय वुशु खेल से शुरुआत की।

मन नहीं लगने पर वर्ष 2008 में 10 मीटर एयर राइफल से निशानेबाजी की शुरुआत की। वर्ष 2010 में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर सफलता का क्रम शुरू हुआ। पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीन में हुई एशियन एयरगन शूटिंग चैंपियनशिप में दो पदक जीते। इसके बाद सफलता का दौर अब भी जारी है। वे अब तक करीब 33 अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं। आइएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता कांस्य: दोहा में चल रही आइएसएसएफ वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप में भी अखिल ने देश के लिए कांस्य पदक जीता। बुधवार को चैंपियनशिप की हुई 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में अखिल ने नीरज राजपूत व ऐश्वर्या प्रताप के साथ कांस्य पदक जीता।

ये मिलेंगी सुविधाएं
अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज व कोच डा. राजपाल सिंह ने बताया कि अवार्ड पाने वाले खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये, अर्जुन की एक कांस्य प्रतिमा और एक प्रमाण पत्र, हर महीने 20 हजार रुपये की स्कालरशिप और ट्रेन में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा मिलती है। अर्जुन पुरस्कार विजेताओं को आजीवन मुफ्त रेलवे पास मिलता है, जो उन्हें राजधानी और शताब्दी ट्रेनों सहित सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रथम एसी और द्वितीय एसी में यात्रा करने की अनुमति देता है।

39 साल में बने सात ‘अर्जुन’
बड़ौत: बागपत के खेल इतिहास में मलकपुर गांव का नाम विशेष महत्व रखता है। वर्ष 1987 में एशियन चैंपियन सुभाष पहलवान ने अर्जुन अवार्ड हासिल कर जिले के लिए सम्मान का रास्ता खोला था। इसके बाद इसी गांव के राजीव तोमर और शौकेंद्र तोमर ने कुश्ती में अपनी उपलब्धियों से देशभर में पहचान बनाई। दाहा गांव के पहलवान सुनील राणा ने भी अर्जुन अवार्ड हासिल कर जिले की इस परंपरा को आगे बढ़ाया। एक ही गांव से तीन अर्जुन अवार्डी निकलना मलकपुर की कुश्ती परंपरा की ताकत बताता है। जौहड़ी गांव के विवेक सिंह ने वर्ष 1999 में अर्जुन अवार्ड हासिल किया। इसके बाद अंगदपुर के अखिल श्योराण ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले को सातवां अर्जुन अवार्ड दिलाया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।