रमाला चीनी मिल में पूजन कर बॉयलर में प्रज्ज्वलित की अग्नि
सहकारी चीनी मिल रमाला के अधिकारियों ने गुरुवार को पूजन कर बायलर में अग्नि प्रज्ज्वलित की।
बागपत, जेएनएन। सहकारी चीनी मिल रमाला के अधिकारियों ने गुरुवार को पूजन कर बायलर में अग्नि प्रज्वलित कर दी है। बॉयलर परिसर में पूजन पंडित बृजकिशोर तिवारी व रत्नेश तिवारी ने संपन्न कराया। मिल का गन्ना पेराई सत्र 25 अक्तूबर से शुरू होगा।
चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक डॉक्टर आरबी राम ने कहा कि शीघ्र ही चीनी मिल की मशीनों को तैयार कर पेराई सत्र को प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रमाला चीनी मिल के क्रय केंद्रों पर कांटे स्थापित किए जा रहे हैं। चीनी मिल में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्लांट, मशीनरी एवं उपकरणों का ट्रायल शुरू किया जा रहा है। मिल के ट्रायल खत्म होते ही गन्ना खरीद के लिए इंडेंट जारी किया जायेगा। ताकि किसान आपूर्ति के लिए गन्ने की छिलाई प्रारंभ कर सकें। इस अवसर पर मुख्य गन्ना अधिकारी अजय यादव, जीके पोद्दार, एसके झा, डीके द्विवेदी, सुमित पंवार, अभिषेक तोमर, संजय सिंह आदि मौजूद थे।
श्री राम के अग्नि बाण से हुआ दशानन का अंत
संवाद सूत्र, बिनौली : गांव में श्री प्रेम मंडल रामलीला कमेटी के तत्वावधान में शिव मंदिर परिसर मे चल रही रामलीला के अंतिम दिन युद्ध के दौरान मेघनाद के बाण से लक्ष्मण का मूर्छित होना, सुषेण वैद्य को लंका से उठाकर लाना, हनुमान के द्वारा संजीवनी बूटी के लिए पूरे पर्वत को लाना, लक्ष्मण द्वारा युद्ध मे रावण के पुत्र मेघनाथ का वध करना, उसके बाद सुलोचना विलाप, श्री राम द्वारा कुंभकरण व नरोत्तम का वध, और अंत में श्री राम और रावण के बीच युद्ध हुआ। युद्ध के दौरान विभीषण द्वारा गुप्त राज बताने पर श्री राम के अग्नि बाण से रावण का वध हुआ। रावण के वध के बाद चारों दिशाओं में भगवान श्री राम के जयकारे लगने लगे।
कमेटी अध्यक्ष गुलबीर धामा ने बताया कि दशहरे के पर्व पर भगवान राम की शोभायात्रा निकाली जाएगी और बस स्टैंड पर श्री राम के द्वारा रावण के पुतले का दहन किया जायेगा।