क्या कोई मां इतनी बेरहम हो सकती है? बाहर पंचायत चल रही थी, घर में 9 माह का मासूम जिंदा जल गया; मां पर हत्या का आरोप
Baghpat News: बागपत में नौ माह के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई है। स्वजन ने बच्चे की मां पर हत्या का आरोप लगाया है।

पुरा गांव में बच्चे की मौत के बाद जांच करती बालेनी थाना पुलिस। जागरण
HighLights
बागपत में नौ माह के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत।
पारिवारिक कलह और पंचायत के दौरान हुआ यह दुखद हादसा।
संवाद सूत्र, अमीनगर सराय (बागपत)। घर के क्लेश को खत्म कराने के लिए एक तरफ पंचायत चल रही थी, दूसरी ओर संदिग्ध हालात में नौ माह के बच्चे की जलने से मौत हो गई। स्वजन ने बच्चे की हत्या का आरोप उसकी मां पर लगाया है। आरोपित महिला ने दीवार से जलती मोमबत्ती चारपाई पर गिरने से हादसा होना बताया है। मौत के कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से चलेगा।
ग्राम पुरा महादेव निवासी गौरव की शादी तीन वर्ष पूर्व मेरठ के ग्राम राधना निवासी डोली के साथ हुई थी। बताया गया कि शादी के बाद से ही दंपती में विवाद चल रहा है। आए दिन उनके बीच झगड़ा होता रहता है। बुधवार को भी डोली का अपने पति गौरव और जेठ विपिन से विवाद हो गया था। उसने पुलिस से शिकायत कर दी थी।
पुलिस ने उन दोनों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया था। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद दोनों भाई अपने घर लौट आए थे। शाम करीब छह बजे संदिग्ध हालात में डोली का इकलौता बेटा नौ माह का वशिष्ठ झुलस गया। गौरव घर पहुंचा तो बेटे को बालैनी के अस्पताल में लेकर पहुंचा।
चिकित्सक के रेफर करने पर मेरठ अस्पताल ले जाते समय बच्चे की मौत हो गई। पति एवं अन्य स्वजन का आरोप है कि डोली ने बेटे की जलाकर हत्या की है। पुलिस अधिकारी और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच कर बच्चे के शव को कब्जे में लिया। डोली को हिरासत में लिया गया है। उधर, सीओ रोहन चौरसिया का कहना है कि महिला का अपने पति गौरव व जेठ विपिन से विवाद चल रहा है, जिनका बुधवार को शांतिभंग में चालान किया गया था।
जांच में सामने आया कि विवाद के समाधान के लिए शाम को पंचायत चल रही थी। इसी दौरान घर में बच्चा झुलस गया। स्वजन डोली पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, जबकि डोली का कहना है कि बिजली न आने से मोमबत्ती दीवार पर जलाकर रखी थी, जिसके चारपाई पर गिरने से बेटे की झुलसने से मृत्यु हुई है। हर बिंदु पर जांच चल रही है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।