80 वर्ष के बलजौर सिंह ने जीते जी की अपनी तेरहवीं, खुद को बांधी पगड़ी... और नाती को सौंप दी सारी जिम्मेदारी
80 वर्षीय बलजौर सिंह ने बागपत के जौहड़ी गांव में अपनी तेरहवीं का आयोजन जीते जी किया, जिसमें हवन और ...और पढ़ें

जौहड़ी गांव में तेरहवीं कार्यक्रम में बलजौर सिंह व ग्रामीणों के साथ बैठे राज्यमंत्री केपी मलिक व अन्य। जागरण
HighLights
80 वर्षीय बलजौर सिंह के अनोखे आयोजन में लोगों ने किया भोज
जौहड़ी गांव में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री केपी मलिक पहुंचे
नाती मुकुल को परिवार की जिम्मेदारी सौंपकर पगड़ी भी बांधी।
जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। आमतौर पर तेरहवीं का आयोजन किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद होता है। परिवार और रिश्तेदार मिलकर इस रस्म को निभाते हैं, लेकिन जौहड़ी में एक बुजुर्ग ने इस परंपरा से अलग हटकर ऐसा फैसला लिया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। 80 साल के बलजौर सिंह ने अपनी तेरहवीं खुद आयोजित की। इतना ही नहीं, अपनी आंखों के सामने हवन कराया। सैकड़ों लोगों को सामूहिक भोज कराया और फिर परिवार की जिम्मेदारी की प्रतीक पगड़ी भी खुद ही बांधी। खास बात यह रही कि उन्होंने यह पगड़ी अपने नाती मुकुल को सौंपी। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री केपी मलिक समेत रिश्तेदार और ग्रामीण शामिल हुए।
जौहड़ी गांव निवासी बलजौर सिंह ने रविवार को अपनी तेरहवीं का आयोजन पूरे विधि-विधान से किया। सुबह हवन हुआ और इसके बाद सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। मेहमानों के लिए पूड़ी, सब्जी, रायता और लड्डू समेत विभिन्न पकवान तैयार कराए गए। आयोजन में गांव के लोगों के अलावा रिश्तेदार और आसपास के क्षेत्र के परिचित भी शामिल हुए। खास बात यह रही कि जिस आयोजन में आमतौर पर परिवार और समाज के लोग किसी दिवंगत व्यक्ति को श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं, उसी आयोजन में बलजौर सिंह स्वयं मेहमानों का स्वागत करते नजर आए।
बलजौर सिंह ने अपनी इस पहल के पीछे पारिवारिक जिम्मेदारी को वजह बताया। उनका कहना है कि उनके कोई बेटा नहीं है। उनकी एक बेटी पिंकी है, जो उनकी संपत्ति की वारिस है। ऐसे में उनके निधन के बाद तेरहवीं समेत अन्य पारिवारिक रस्मों की जिम्मेदारी बेटी पर आती। बेटी को इस जिम्मेदारी और अतिरिक्त बोझ से बचाने के लिए उन्होंने जीते जी ही तेरहवीं करने का निर्णय लिया। उनका मानना था कि जब वे स्वयं मौजूद हैं, तो अपनी आंखों के सामने सभी रस्में पूरी कर लें।
भोज के बाद कार्यक्रम में पगड़ी की रस्म भी निभाई गई। बलजौर सिंह ने अपने नाती मुकुल के सिर पर पगड़ी बांधकर उसे परिवार की जिम्मेदारी सौंप दी। इस दौरान बेटी पिंकी, दामाद सुखपाल समेत परिवार के अन्य रिश्तेदार मौजूद रहे। राज्य मंत्री केपी मलिक ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर बलजौर सिंह से मुलाकात की। पूरे आयोजन में शोक के बजाय खुशी और अपनापन नजर आया। रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने हंसी-खुशी कार्यक्रम में भाग लिया। ग्राम प्रशासक सोहनपाल, ओमपाल शर्मा, मांगेराम, धीरज, रामवीर सिंह, सोमपाल प्रजापति, कृष्ण, जितेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।