प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनी भाजपा सरकार : संजय सिंह
जागरण संवाददाता, बड़ौत : देश की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बन गई है। वह जिसे चाहे नौकरी से निकाल दें और जिसे चाहे रख लें। बावली पहुंचे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने ये बातें कहीं। उन्होंने गृहमंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह पर भी रिश्वत लेने का आरोप लगाया।
आप नेता वीरसेन व उनके पुत्र बिजेंद्र की तेरहवीं पर संजय सिंह बावली गांव पहुंचे थे। दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने कहा, केंद्र सरकार रामभरोसे हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनाकर रख दिया है। आरोप लगाया कि वह अपने मनमाफिक कार्य कर रहे हैं। गृहमंत्री एक सचिव की नियुक्ति तक नहीं कर सकते हैं तो फिर क्या करेंगे। बकौल, सिंह मोदी ने मार्गदर्शक मंडल में मुरली मनोहर जोशी व लालकृष्ण आडवाणी को रखकर इन्हें उपेक्षित कर दिया है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह पर भी निशाना साधा। कहा, अधिकारियों के तबादले में उन्होंने भी रिश्वत ली है। जिस मंत्री का इस प्रकरण में नाम सामने आया था वह हैं अरुण जेटली। उन्होंने भाजपा पर भ्रष्टाचार फैलाने का आरोप लगाया। इस मौके पर पश्चिम के संयोजक महक सिंह, एडवोकेट सोमेंद्र सिंह ढाका, मनोज आर्य, अनुज ढाका, आबिद बागपत, अमित डेडा, राजपाल यादव, सुधीर धामा, महक तरार आदि शामिल थे।