Badaun News: बदायूं जिला अस्पताल में इलाज के लिए आई महिला को वार्ड के खाली कक्ष में किया बंद
यूपी के बदायूं जिला अस्पताल में एक संवेदनहीनता का मामला सामने आया। यहां इलाज कराने आई एक बेसहारा महिला को जिला अस्पताल के एक वार्ड के खाली कमरे में बंद कर दिया। घटना की जानकारी पर डीएम के आदेश सीएमओ ने उसे बहार निकाला।
बदायूं, जासं। प्रदेश सरकार और डिप्टी सीएम मरीजों के बेहतर इलाज को लेकर लाख दावें करें पर संवेदनहीनता और लापरवाही के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। बदायूं के जिला अस्पताल में अब इलाज के लिए आई एक बेसहारा महिला को वार्ड के खाली कक्ष में बंद करने का मामला सामने आया है। डीएम के आदेश पर सीएमओ ने पहुंचकर उसे बाहर निकलवाया।
मामला चार दिन पहले का है। शहर की एक महिला ने बीमार बेसहारा महिला को इमरजेंसी में भर्ती करवाया और चली गई। अस्पताल स्टाफ ने महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद वार्ड के एक खाली कमरे में बंद कर दिया। तीन दिन तक महिला इसी कमरे में बंद रही। कल किसी ने इसकी सूचना डीएम मनोज कुमार को दी तो उन्होंने सीएमओ को भेजा।
सीएमओ ने महिला को कमरे से बाहर निकलवाया। स्टाफ को फटकार लगाई तो कर्मचारियों ने तर्क दिया कि महिला मानसिक रूप से कमजोर है, वह भाग रही थी, उसके साथ कोई तीमारदार भी नहीं था। महिला नगला शर्की गांव की बताई जा रही है। उसने अपना नाम सत्यवती बताया।
सीएमओ ने स्टाफ को चेतावनी देकर महिला का ठीक से उपचार करने के निर्देश दिए। इमरजेंसी वार्ड की इंचार्ज स्टाफ नर्स रीता ने बताया की अज्ञात में यह महिला शनिवार को भर्ती हुई थी। वह बार बार भाग रही थी, इसलिए उसे वार्ड में पीछे के बेड पर रखा गया था। उसे लगातार दवा के साथ गर्म पानी और भोजन भी दिया जा रहा था।