राम मंदिर की बात आई तो सबको रोका, खुद बोलने लगे कल्याण
शहर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह नेताओं और कार्यकर्ताओं से घिरे रहे। हालचाल पूछने का क्रम चलता रहा। इस बीच जागरण ने राम मंदिर को लेकर बातचीत शुरू की तो उन्होंने बाकी सभी लोगों को रोक दिया। मंदिर को लेकर हुए हर सवाल का जवाब दिया। अपनी बातें भी कहीं। चेहरे पर संतुष्टि के साथ कहा कि लंबा इंतजार खत्म हुआ।
जागरण संवाददाता, बदायूं: शहर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह नेताओं और कार्यकर्ताओं से घिरे रहे। हालचाल पूछने का क्रम चलता रहा। इस बीच जागरण ने राम मंदिर को लेकर बातचीत शुरू की तो उन्होंने बाकी सभी लोगों को रोक दिया। मंदिर को लेकर हुए हर सवाल का जवाब दिया। अपनी बातें भी कहीं। चेहरे पर संतुष्टि के साथ कहा कि लंबा इंतजार खत्म हुआ। कोर्ट के फैसले पर किसी को एतराज नहीं है। सभी संतुष्ट हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह शाम को शहर पहुंचे। उनसे पहले कई मंत्री, नेता पहुंच चुके थे। कल्याण सिंह के पहुंचने की जानकारी होते ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बीएल वर्मा, नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता समेत प्रदेशभर से आए नेताओं का मिलने-मिलाने का दौर शुरू हो गया। कार्यकर्ता लाइन में लगकर मिले और आगे बढ़ते गए।
इस बीच जागरण संवाददाता ने राम मंदिर निर्माण पर बात शुरू की तो उन्होंने मिलने वालों को रोक दिया। कल्याण सिंह बोलने लगे और बाकी सब चुप होकर उन्हें सुनते रहे। वह बोले, राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था और मान्यता का विषय है। कोर्ट ने जो फैसला दिया है वह ऐतिहासिक है। सभी उसे स्वीकार चुके हैं। अयोध्या में भव्य मंदिर बनेगा। मंदिर निर्माण में आपकी क्या भूमिका होगी, इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को ट्रस्ट बनाकर मंदिर का निर्माण कराने का आदेश दिया है। ट्रस्ट के माध्यम से मंदिर का निर्माण कराकर सरकार वित्तीय प्रबंधन देखेगी। उम्मीद की जा सकती है कि जल्द ही मंदिर का निर्माण शुरू हो जाएगा।