विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के अभिभावकों के लिए बड़ी खुशखबरी: 8 जुलाई को खातों में आएंगे ₹1200, जानें किसे मिलेगा लाभ

Published: Mon, 06 Jul 2026 07:38 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 8 जुलाई को बदायूं के 2.70 लाख परिषदीय छात्रों के अभिभावकों के खातों में 1200 रुपये डीबीटी ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र

प्रतीकात्मक चित्र

HighLights

  1. नए नामांकित विद्यार्थियों को कागजी कार्रवाई और सत्यापन पूरा होने के बाद मिलेगा लाभ

जागरण संवाददाता, बदायूं। जिले के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठ तक के करीब 2.70 लाख विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। आगामी आठ जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डीबीटी के माध्यम से इन बच्चों के अभिभावकों के खातों में 1200-1200 रुपये की धनराशि ट्रांसफर करेंगे। इस राशि का उपयोग बच्चे यूनीफार्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग और स्टेशनरी खरीदने के लिए कर सकेंगे।

जिले के कुल 2158 परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र के तहत बड़े पैमाने पर डीबीटी की तैयारी पूरी कर ली गई है। वर्तमान में लगभग 2 लाख 70 हजार बच्चों का नामांकन पोर्टल पर दर्ज हो चुका है, जिन्हें पहले चरण में यह लाभ मिलने जा रहा है। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत 6 नवंबर 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई थी।

शुरुआती दौर में योजना के तहत प्रति छात्र 1100 रुपये की धनराशि दी जाती थी, जिससे अभिभावक बच्चों के लिए दो जोड़ी ड्रेस, जूता-मोजा, स्वेटर और स्कूल बैग खरीदते थे। हालांकि, शैक्षणिक सत्र 2022-23 से सरकार ने इसमें बड़ा बदलाव किया। बच्चों की पढ़ाई को और सुगम बनाने के लिए कापियों और स्टेशनरी के मद में 100 रुपये अतिरिक्त जोड़ दिए गए।

तब से हर साल प्रति छात्र 1200 रुपये सीधे बैंक खातों में भेजे जा रहे हैं। जिन बच्चों का नामांकन हाल ही में हुआ है और उनके आधार व बैंक खातों का सत्यापन बाकी है, उन्हें भी जल्द ही कागजी कार्रवाई पूरी कर अगले चरण में लाभान्वित किया जाएगा।

स्टेशनरी के लिए बढ़े 100 रुपये

शुरुआत में सरकार केवल ड्रेस, जूते और बैग के लिए 1100 रुपये देती थी। लेकिन अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की सामग्री खरीदने में दिक्कत न हो, इसके लिए सत्र 2022-23 से इसमें 100 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई। अब मिलने वाले 1200 रुपये में से 100 रुपये विशेष रूप से स्टेशनरी और कॉपियों के लिए निर्धारित हैं।

नए नामांकित बच्चों को करना होगा इंतजार

8 जुलाई को होने वाले मुख्य आयोजन में केवल उन्हीं बच्चों को राशि मिलेगी जिनका डेटा पूरी तरह सत्यापित है। जिले में चल रहे दाखिला अभियान के कारण कई नए बच्चों के बैंक और आधार लिंक होने शेष हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही शेष बच्चों के खातों में भी पैसे भेज दिए जाएंगे।

 

सभी पात्र छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खातों में डीबीटी की धनराशि भेजी जाएगी। जिन बच्चों का डेटा आठ जुलाई को छूट जाएगा, वे अधिकांश नए नामांकन वाले हैं। विभागीय कागजी कार्रवाई जल्द पूरी कर उन्हें भी योजना का लाभ दिया जाएगा।

- नवीन कुमार, बीएसए


यह भी पढ़ें- बदायूं में वही थाना, वही चौकी और अंजाम भी वही... 27 महीने बाद फिर दोहराया गया 'इतिहास'