सबको दिशा देने वाला उप्र खुद बेहाल हो गया
राहुल गांधी ने बदायूं के म्याऊं में जनसभा को संबोधित किया।
कमलेश शर्मा, बदायूं
लोकसभा चुनाव में स्टार वार के आखिरी दौर में बदायूं पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला तो बोला ही, प्रदेश की कुर्सी पर भी इशारा कर गए। कहा कि सपा, बसपा और भाजपा ने उप्र का बहुत नुकसान किया। जो प्रदेश दूसरों का दिशा देता रहा, वहां आज हालात बहुत खराब हैं। इसीलिए प्रियंका वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिधिया को मिशन उप्र पर लगा दिया गया है। वादा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश का विकास ऐसा होगा कि हर कोई यही कहेगा कि हमारा प्रदेश यूपी की तरह होना चाहिए।
म्याऊं में जनसभा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। कहा कि पांच साल पहले भाजपा ने नारा दिया था अच्छे दिन आएंगे, अब नारा बदलकर चौकीदार हो गया। तीन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनने पर वहां के हालात सुधरने का दावा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के किसानों का भी भला होना चाहिए।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिधिया ने भी अपने भाषण में उत्तर प्रदेश की चर्चा की। किसानों और युवाओं को रिझाने का प्रयास किया। सिधिया कम बोले, लेकिन बिल्कुल सटीक बोले। कहा, नोटबंदी के नाम पर साढ़े चार करोड़ युवाओं को बेरोजगार कर दिया गया। हक मांगने किसान दिल्ली जाते हैं तो पुलिस उन्हें बेरहमी से पीटती है। कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ही सभी का भला होगा।