छेड़छाड़ के विरोध पर गोतस्करों ने किशोरी की भाभी को पीटा
कस्बा ककराला में गोतस्करी के आरोपितों ने किशोरी को घर के सामने पकड़ लिया। वह उसको बदनीयती से अपने घर में खींचने लगे। पीड़िता की भाभी ने इसका विरोध किया। इस पर छेड़छाड़ करने वाले उसपर हमलावर हो गए। उन्होंने पीड़िता की भाभी को पीटते हुए उसकी गोद से दो साल का बच्चा छीनकर सड़क पर फेंक दिया।
जेएनएन, बदायूं : कस्बा ककराला में गोतस्करी के आरोपितों ने किशोरी को घर के सामने पकड़ लिया। वह उसको बदनीयती से अपने घर में खींचने लगे। पीड़िता की भाभी ने इसका विरोध किया। इस पर छेड़छाड़ करने वाले उसपर हमलावर हो गए। उन्होंने पीड़िता की भाभी को पीटते हुए उसकी गोद से दो साल का बच्चा छीनकर सड़क पर फेंक दिया। इससे बच्चा भी चोटिल हो गया।
घटना की शिकायत एसएसपी से की गई है। महिला ने बताया कि वह वार्ड संख्या 22 की निवासी है। उसकी नाबालिग ननद के साथ गोतस्करी के आरोपित छेड़छाड़ करते रहते हैं। वह जबरन उससे शादी करने का काफी समय से दबाव बना रहे हैं। रविवार को महिला मायके से अपनी ससुराल जा रही थी। इसी दौरान उसने देखा कि घर के पास में ही आरोपितों ने उसकी ननद को पकड़ लिया। वह उसको जबरन खींचकर ले जा रहे थे। यह देखते ही महिला ने विरोध किया तो उन्होंने उसकी पिटाई शुरू कर दी। किसी तरह से हमलावरों के चंगुल से छूटकर वह अपने घर पहुंची और स्वजनों को घटना के बारे में बताया। एसएचओ अलापुर ओपी गौतम ने बताया कि इस संबंध में थाने पर कोई सूचना नहीं आई है। तहरीर आती है तो वह कार्रवाई करेंगे।