ऐसा गठबंधन, रालोद मुखिया को उतारने पड़े जूते : राजनाथ
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को प्रत्याशी संघमित्रा के समर्थन में चुनावी सभा की।
(बिसौली) बदायूं : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह लगातार दूसरे दिन बदायूं में थे। रविवार को भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा मौर्य के समर्थन में जनसभा की। इस दौरान गठबंधन और कांग्रेस पर हमलावर रहे। कहा कि गठबंधन इसलिए बना कि सपा, बसपा, रालोद अकेले दम पर मोदी के सामने टिक नहीं सकते थे। कहने को इकट्ठे हो गए मगर चुनावी रैली में जहां तीनों ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल थे, वहां रालोद मुखिया चौधरी अजीत सिंह को जूते उतारने पड़े। यह गठबंधन का भविष्य है, जो चुनाव परिणाम के बाद किस स्थिति में रहेगा।
बिसौली विधानसभा क्षेत्र के गांव बगरैन में हुई जनसभा में राजनाथ सिंह ने मोदी सरकार की प्रशंसा के पुल बांधे। कहा कि गरीब परिवारों की मां, बहु, बेटियां खुले में शौच को जाती थीं। उनका दर्द समझते हुए घर-घर शौचालय बनवाए। यह जो गठबंधन बना है, वह तिनके की तरह उड़ जाएगा। इसका गवाह आठ लोकसभा क्षेत्र में हुआ चुनाव है। वहां पर गठबंधन पूरी तरह से धराशायी हो गया है, इसलिए उनके पास अब कहने के लिए कुछ नहीं बचा है। वह कहते घूम रहे हैं कि ईवीएम में गड़बड़ी है। कहा कि कांग्रेस की सरकार में अमेरिका के एक एनजीओ ने सर्वे किया तो हमारा देश सबसे पिछड़ा हुआ बताया गया। हमारी सरकार ने पांच साल में सात करोड़ लोगों की गरीबी दूर की। सर्जिकल स्ट्राइक पर कहा कि आतंकी हमले में जो जवान हमारे शहीद हुए उनकी तेरहवीं से पहले ही बदला ले लिया।