तीन राज्यों में भाजपा को ले डूबा एससी-एसटी एक्टः ओमप्रकाश राजभर
यूपी सरकार मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा की हार के लिए एससी-एसटी एक्ट को कारण बताया और कहा कि यही भाजपा को ले डूबा।
बदायूं, जेएनएन। लोकसभा चुनाव नजदीक देख राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। ऐसे में पिछड़ा वर्ग मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने तीन राज्यों में भाजपा की हार के लिए एससी-एसटी एक्ट को कारण बताया और कहा कि यही भाजपा को ले डूबा है। एमपी में पांच लाख लोगों ने नोटा का बटन दबा दिया। राजभर ने कहा कि यूपी में 2019 के लोकसभा चुनाव में भी इसका प्रभाव दिखेगा। यहां उल्लेखनीय है कि राजभर की पार्टी सुभासपा अब दो फाड़ हो चुकी है।
पार्क में नमाज पर रोक लगना गलत
ओम प्रकाश ने भाजपा सरकार पर भी सवाल उठाए। सीधे तो नहीं लेकिन कहा कि सरकार से भाजपा के कार्यकर्ता, सांसद, विधायक ही नाराज चल रहे हैं। सीएम योगी सभी को साथ लेकर चलते तो यह नौबत नहीं आती। लखनऊ में निजी सचिव का वीडियो वायरल होने के सवाल पर कहा कि हमें पता नहीं था। अपने ससुर को चार्ज दिलाने के लिए अमित शाह, योगी से भी मिले, पता होता तो उसी से कह देते। नोएडा के पार्क में नमाज पर रोक लगने को गलत बताया। कहा कि खाली जगह में कोई पूजा पाठ कर ले रहा है तो इसमें कोई बुराई नहीं है।
टूट चुकी ओम प्रकाश राजभर की पार्टी
ध्यान रहे कि भाजपा की सरकार में शामिल राजनीतिक पार्टी सुहेलदव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) दो फाड़ हो चुकी है। इस पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर हैं। इस बार के टकराव में पार्टी के संस्थापक कार्यकर्ता अपनी मूल पार्टी से टूट गए। इस विघटन में भारतीय संघर्ष समाज पार्टी का गठन किया गया। मदन राजभर इस नए दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष है। इससे ओमप्रकाश राजभर की ताकत कम हो गई। मदन राजभर कहा कि भारतीय समाज पार्टी के गठन के समय से ही मैं उसका सक्रिय कार्यकर्ता था लेकिन सत्ता में आने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने समाज को और गरीबों को भूल गए। पूर्वांचल राज्य का गठन उनकी सरकार का मुख्य मुद्दा होगा।