यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 03, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'रणनीति को रणनीति ही रहने दें', बेटे आदित्य को बदायूं से टिकट मिलने की चर्चा पर क्या बोले शिवपाल यादव?
बदायूं लोकसभा सीट पर शिवपाल यादव की जगह उनके पुत्र आदित्य यादव को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। मंगलवार को ...और पढ़ें

एएनआई, बदायूं। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में बेटे आदित्य यादव का नाम बदायूं लोकसभा सीट के लिए प्रस्तावित करने पर शिवपाल सिंह यादव का बयान सामने आया है। शिवपाल ने कहा, "हम जहां भी गए और बैठकें कीं, जनता ने मांग की है... आपको समाजवादी पार्टी द्वारा जारी लिस्ट में किसका नाम मिला? उन्होंने मांग की है, कोई भी ऐसा कर सकता है।''
शिवपाल ने कहा, ''लिस्ट राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा जारी की गई है और उन्होंने जो जारी की है उसमें मेरा नाम है। रणनीतियां बनती हैं, हम आपके लिए उसका खुलासा नहीं कर सकते। रणनीति को रणनीति ही रहने दें।"
बदायूं से आदित्य यादव को टिकट देने की मांग
बदायूं लोकसभा सीट पर शिवपाल यादव की जगह उनके पुत्र आदित्य यादव को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। मंगलवार को बदायूं लोकसभा सीट के बबराला में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान ही यह मुद्दा उठा। मंच से ही नेताओं ने आदित्य यादव के नाम पर एक तरह से मुहर ही लगा दी। सपा विधायक राम खिलाड़ी ने शिवपाल यादव के पुत्र आदित्य यादव को प्रत्याशी घोषित करने की मांग रखी।
मंच पर बैठे नेताओं ने भरी हामी
मंगलवार को बबराला में कार्यकर्ता सम्मेलन में सपा विधायक राम खिलाड़ी यादव ने शिवपाल यादव के पुत्र आदित्य यादव को प्रत्याशी घोषित करने की मांग रखी। मंच पर बैठे नेता मुस्कराए और अपनी हामी भरी। मंच पर खुद सपा प्रत्याशी शिवपाल यादव के अलावा पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव भी मौजूद थे।
धर्मेंद्र यादव ने बताया कि यह बात सही है कि कार्यकर्ताओं की मांग थी कि आदित्य यादव बदायूं से चुनाव लड़े। चाचा शिवपाल यादव की भी इच्छा है कि आदित्य ही यहां से चुनाव लड़े। हालांकि, आखिरी फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही लेंगे।