जेल गया बच्ची से दुष्कर्म करने का आरोपित
खेत पर जा रही बच्ची को रास्ते में घेरकर दुष्कर्म करने के आरोपित को शनिवार को ेिगरफ्तार कर लिया।
उसहैत : खेत पर जा रही बच्ची को रास्ते में घेरकर दुष्कर्म करने के आरोपित को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित का चालान करके उसे कोर्ट में पेश किया गया, यहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। वहीं पीड़िता का जिला महिला अस्पताल में शनिवार को पुलिस ने मेडिकोलीगल कराया है। रिपोर्ट में दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हुई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 11 साल की बच्ची शुक्रवार को खेत पर काम करने जा रहे अपने पिता के पास जा रही थी। साथ में उसकी छोटी बहन और गांव का ही एक अन्य बच्चा भी था। मुकदमे के मुताबिक रास्ते में नसीबनगर गांव निवासी वीरेश पुत्र दयाराम यादव ने बच्ची को घेरकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट की धारा में मुकदमा कायम कर लिया। शनिवार को पुलिस ने आरोपित को गांव माधुरीनगला के जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बच्ची समेत उसकी छोटी बहन का बयान भी पुलिस ने दर्ज कर लिया। एसओ राजीव कुमार ने बताया कि आरोपित को जेल भेजा गया है।