वनगढ़ से अहरुइया लौटने पर हुई थी राजाराम की हत्या
राजाराम की हत्या में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं।
सिलहरी : बिनावर इलाके में हुई झोलाछाप की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ कई सुराग लगे हैं। अंदरखाने यह भी पता लगा है कि राजाराम घर पहुंचने के लिए कुंवरगांव क्षेत्र के वनगढ़ गांव तक आ गया था लेकिन यहां से फिर कोई कॉल आई। इस पर वह वापस लौट गया। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि हत्यारों ने ही मरीज बनकर कॉल की और फिर प्लानिंग के अनुसार हत्या कर लाश फेंक दी। फिलहाल पुलिस खुलकर कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। हत्या के पीछे अवैध संबंधों की वजह पहले ही सामने आ गई थी।
चर्चा है कि राजाराम रोजाना सिगरौरा आता था और शाम को बाइक से अपने गांव गणेशपुर थाना आंवला, बरेली चला जाता था। रविवार की रात वह सिगरौरा में अपने मामा के घर ही ठहरा था। सोमवार सुबह गांव के बाहर बनी अपने पिता की समाधि पर भी पूजा करने गया था। शाम को वह कुंवरगांव थाना क्षेत्र के अहरुइया गांव से होता हुआ घर लौट रहा था। यहां एक मरीज का हाल भी लेना था। एक परिवार से उसके गहरे संबंध थे। अक्सर वह वहां जाता था। वहां से निकलकर वनगढ़ पहुंचा और अपने बेटे राहुल को कॉल करके बताया भी था कि वह वनगढ़ तक आ गया है। इसके बाद एक और कॉल आई और वह वापस अहरुइया चला गया। मंगलवार सुबह उसका शव मिला। वर्जन ::
घटना से जुड़े कई साक्ष्य मिले हैं। सभी का मिलान किया जा रहा है। इसी आधार पर कातिल तक पहुंचा जा सकता है। फिलहाल कुछ भी कहना संभव नहीं है।
- धीरज सोलंकी, इंस्पेक्टर बिनावर