अब घरों में ही क्वारंटाइन होंगे सभी प्रवासी
जेएनएन बदायूं अब तक बाहर से आने वाले सभी प्रवासियों को क्वारंटाइन सेंटर या आश्रय स्थलों पर
जेएनएन, बदायूं : अब तक बाहर से आने वाले सभी प्रवासियों को क्वारंटाइन सेंटर या आश्रय स्थलों पर रखा जा रहा था। नई गाइडलाइन के तहत अब आश्रय स्थल या फिर गांवों के क्वारंटाइन सेंटर पर प्रवासी नहीं रोके जाएंगे। उनको घरों में ही क्वारंटाइन किया जाएगा। यदि किसी प्रवासी में लक्षण दिखाई देते हैं तो उसकी सैंपलिग कराकर आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा। घरों में क्वारंटाइन किए गए लोगों में परिवार का एक सदस्य ही जरूरी सामान लेने घर से बाहर जाएगा। नई गाइडलाइन आने के बाद प्रशासन ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है।
कोरोना वायरस से निपटने के लिए गांव-गांव पंचायत घर और परिषदीय विद्यालयों में क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए, ताकि बाहर से आने वाले प्रवासियों को वहां पर क्वारंटाइन किया जा सके। गांवों में क्वारंटाइन सेंटर बनाने का जिम्मा शासन स्तर से पंचायती राज विभाग को सौंपा गया था। पंचायती राज विभाग ने सभी गांवों में क्वारंटाइन सेंटर तैयार किए तो वहां पर बेड, गद्दा, चादर आदि का इंतजाम करते हुए साबुन और सैनिटाइजर की व्यवस्था भी पंचायत निधि से कराई। यहां पर प्रवासियों के क्वारंटाइन किए जाने के साथ ही उनको दो वक्त का खाना देने का जिम्मा राजस्व विभाग को सौंपा गया। हाल ही में गैर राज्यों से बुलाए गए प्रवासियों को आश्रय स्थल समेत गांवों के क्वारंटाइन सेंटर में क्वारंटाइन किए जाने की व्यवस्था की गई तो क्वारंटाइन सेंटर में 14 दिन तक उनको रोका गया। अब नई गाइडलाइन के तहत बाहर से आने वाले प्रवासियों को आश्रय स्थल के बजाए घरों में ही क्वारंटाइन किया जाएगा। नई गाइडलाइन मिलने के बाद डीपीआरओ डॉ. सरनजीत कौर ने सभी प्रधान और पंचायत सचिवों को निर्देश दिए हैं। नई गाइडलाइन के तहत अब प्रवासियों को आश्रय स्थल पर नहीं रोका जाएगा। उनको होम क्वारंटाइन किया जाएगा। ऐसे में कोई ज्यादा संदिग्ध है तो सैंपलिग कराकर उसको आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा।
- डॉ. सरनजीत कौर, डीपीआरओ