बदायूं में महंत की हत्या, जीभ व आधी मूंछ काट ले गए हत्यारे
उझानी क्षेत्र में सोमवार रात को महंत की हत्या के बाद शव से बर्बरता की गई। हत्यारों ने उनकी जीभ काट ली आधी मूंछ भी अपने साथ ले गए। वारदात के पीछे किसी रंजिश की आशंका जताई जा रही। हालांकि मंगलवार को उनके पोते एवं प्रधान के पति ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
बदायूं, जेएनएन: उझानी क्षेत्र में सोमवार रात को महंत की हत्या के बाद शव से बर्बरता की गई। हत्यारों ने उनकी जीभ काट ली, आधी मूंछ भी अपने साथ ले गए। वारदात के पीछे किसी रंजिश की आशंका जताई जा रही। हालांकि मंगलवार को उनके पोते एवं प्रधान के पति ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
अढौली गांव निवासी पोप सिंह की पत्नी रीना गांव की प्रधान हैं। घर से कुछ दूरी पर काली माता का मंदिर। वहां पोप सिंह के दादा खेमकरन महंत थे। सोमवार रात करीब 11 बजे पोप सिंह के भाई सरमजीत सिंह गांव के एक दावत से लौटे तो देखा कि मंदिर के बाहर दादा का शव औंधे मुंह पड़ा है। चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। उनकी सूचना पर स्वजन व पुलिस पहुंची। ध्यान से देखा तो खेमकरन की जीभ, आधी मूंछ कटी हुई थी। जिसके आधार पर माना गया गया कि जीभ का हिस्सा व आधी मूंछ हत्यारे काटकर अपने साथ ले गए। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ महीने पहले ही खेमकरन मंदिर के महंत बने थे, तब कुछ लोगों से कहासुनी हुई थी।
चुनावी रंजिश का भी शक
पुलिस का कहना है जिस तरह वारदात को अंजाम दिया गया, उसके पीछे रंजिश प्रतीत हो रही। आशंका है कि हत्यारों को उनकी शान-स्वभाव से चिढ़ थी इसलिए मूंछ काट ली। वह कुछ कड़वा बोल गए होंगे, इसलिए जीभ काट ली गई। इससे पहले धारदार हथियार से गले पर वार कर हत्या की गई। प्रकरण के पीछे प्रधान चुनाव की रंजिश भी हो सकती है। एसपी सिटी प्रवीण चौहान ने बताया कि पोप सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वजह जानने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।