90 हजार रसोई गैस उपभोक्ताओं को झटका! आज ही कर लें यह काम वरना त्योहार में नहीं मिलेगा सिलिंडर
बदायूं में 90 हजार रसोई गैस उपभोक्ताओं को बिना केवाईसी सिलिंडर नहीं मिलेगा, विभाग ने बुकिंग रोक दी है। फर्जी ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
जिले में सात लाख उपभोक्ताओं के घरों में गैस सिलिंडर पर बन रहा भोजन
जागरण संवाददाता, बदायूं। अगर आपने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की केवाईसी नहीं कराई है, तो आपको इस बार रसोई गैस का सिलिंडर नहीं मिलेगा। जिला पूर्ति विभाग पिछले दो महीने से लगातार उपभोक्ताओं से केवाईसी कराने की अपील कर रहा है, लेकिन इसके बाद भी जिले के करीब 90 हजार उपभोक्ताओं ने अब तक केवाईसी नहीं कराई है।
ऐसे उपभोक्ताओं पर अब विभाग ने रोक लगा दी है। जब तक केवाईसी पूरी नहीं होगी, तब तक उनकी गैस बुकिंग नहीं होगी और सिलिंडर की डिलीवरी भी नहीं की जाएगी।
जिले में कुल घरेलू गैस उपभोक्ताओं की संख्या करीब सात लाख है। इनमें से 89,138 उपभोक्ताओं की केवाईसी अधूरी है। पूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार इन उपभोक्ताओं को बार-बार मैसेज भेजे गए।
एजेंसियों के माध्यम से सूचना दी गई और अखबारों के जरिए भी जागरूक किया गया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग केवाईसी कराने नहीं पहुंचे। अब विभाग ने साफ कर दिया है कि केवाईसी के बिना सिलिंडर नहीं मिलेगा।
अधिकारियों का कहना है कि पिछले दिनों पश्चिमी एशिया में युद्ध के दौरान देश में गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। तब यह भी सामने आया कि कई फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शन चल रहे हैं।
कई जगहों पर एक ही व्यक्ति के नाम पर कई कनेक्शन थे, तो कहीं मृत लोगों के नाम पर भी गैस ली जा रही थी। इसके बाद सरकार ने सभी उपभोक्ताओं की केवाईसी अनिवार्य कर दी।
अब भले ही गैस की आपूर्ति सामान्य हो गई है और सभी को गैस दी जा रही है, लेकिन जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी नहीं हुई है, उनका कनेक्शन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
युद्ध के दौरान पकड़े गए थे फर्जी कनेक्शन, इससे अनिवार्य हुई केवाईसी
केवाईसी की सख्ती की वजह पश्चिमी एशिया में हुआ युद्ध है। जब गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई तो सरकार ने होटल-ढाबों को आपूर्ति रोककर सिर्फ घरों और स्कूलों को गैस दी।
इस दौरान जांच में सामने आया कि एक ही नाम पर कई कनेक्शन चल रहे हैं और मृत लोगों के नाम पर भी गैस ली जा रही है। उसके बाद आधार से बायोमेट्रिक केवाईसी अनिवार्य कर दी गई।
पिछले दो माह से यह कहा जा रहा है कि सभी उपभोक्ता अपनी केवाईसी करा लें। जब तक केवाईसी से नहीं कराएंगे, तब तक सिलिंडर बुक नहीं होगा।। केवाईसी कराना बहुत आसान है। इसमें मात्र दो से तीन मिनट का समय लगता है।
- सतीश चंद्र मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी
यह भी पढ़ें- 'डॉक्टर-अफसर बनने का सपना, पर शौचालय तक नहीं'... बदायूं के सरकारी स्कूलों में नौनिहालों का दर्द
