बदायूं: इस्लामनगर पुलिस को एसपी सिटी की जांच में मिली क्लीनचिट, अफीम तस्करों को छोड़ने के आरोप पर रिपोर्ट का इंतजार
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने इस्लामनगर पुलिस पर लगे अफीम तस्करों को छोड़ने के आरोपों की जांच में क्लीनचिट ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
एसपी सिटी ने इस्लामनगर पुलिस को आरोपों से दी क्लीनचिट।
अफीम तस्करों को छोड़ने के आरोप की पुष्टि नहीं हुई।
पीलीभीत सीओ नताशा गोयल की जांच रिपोर्ट का इंतजार।
जागरण संवाददाता, बदायूं। इस्लामनगर पुलिस पर लगे अफीम तस्करों को पकड़ने और फिर सांठगांठ कर करीब सात लाख रुपये लेकर उन्हें छोड़ने के मामले की जांच कर रहे एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने अपनी रिपोर्ट में क्लीनचिट दे दी है। उन्होंने एसएसपी को रिपोर्ट सौंप दी है। जांच में आरोपितों को रुपये लेकर छोड़े जाने की बात की पुष्टि नहीं हुई।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पूरा मामला मुखबिरी को लेकर हुई गलतफहमी की वजह से शुरू हुआ। जिसमें तीन संदिग्ध लोगों को थाने लाया गया और पूछताछ के बाद छोड़ा गया था। अब पूरा मामला डीआइजी बरेली की ओर से पीलीभीत की सीओ आइपीएस नताशा गोयल की जांच पर टिका है। वह इस्लामनगर आकर मामले की जांच कर चुकी हैं। उनकी रिपोर्ट का इंतजार हैं।
तीन अफीम तस्करों को पकडने के बाद सात लाख रुपये में छोड़ने का आरोप
अफीम की खरीद-फरोख्त और तीन संदिग्धों को रूप से रुपये लेकर छोड़ने के प्रकरण की जांच करने शुक्रवार को पीलीभीत की सीओ सिटी आइपीएस नताशा गोयल इस्लामनगर थाने पहुंचीं। उन्होंने प्रकरण में नामजद पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। इसके बाद थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज काफी देर तक देखी।
शुरुआत में साफ हो गई थी बात, एसपी सिटी कर रहे थे विस्तृत जांच
एएसपी ने थाने के पीछे वाले रास्ते का भी निरीक्षण किया। इसी रास्ते से अफीम तस्कर को लाने की बात सामने आई थी। जांच के बाद वह दहतोरी के लिए रवाना हो गईं। प्रकरण में एसएसपी अंकिता शर्मा पहले ही चार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कर चुकी हैं। इनमें एसओजी के एक सिपाही को लाइन हाजिर किया गया, जबकि थाने में तैनात तीन सिपाहियों का स्थानांतरण किया गया है।
यह भी पढ़ें- बदायूं बाईपास पर बनेगा नया रोडवेज बस अड्डा, शहर को मिलेगी ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत
डीआईजी करा रहे पीलीभीत सीओ से जांच
वहीं इधर इस मामले की जांच कर रहे एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने जांच पूरी कर रिपोर्ट एसएसपी अंकिता शर्मा को सौंप दी है। उनके मुताबिक यह पूरा प्रकरण मुखबिर की वजह से खड़ा हुआ। थाने में अटैच सिपाही के द्वारा मुखबिर से की गई बात और बाद में मुखबिर के पलट जाने के बाद 22 सितंबर उसी मुखबिर और उसके साथ मौजूद युवकों को उठाया गया था। जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ा गया।
यह भी पढ़ें- बदायूं में जहर का व्यापार: नशामुक्ति केंद्र के आंकड़े बताते हैं, पुलिस की नाक के नीचे बिक रही है अफीम
जांच के दौरान एसपी सिटी ने मुखबिर, बरेली के शिवपुरी के रहने उसके दोनों साथी व गांव के लोगों, थाने में तैनात सिपाही, रात में मौजूद पुलिस कर्मियों समेत कुल 18 लोगों के बयान दर्ज किए। इसके बाद इस मामले की रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी को सौंपी है।
इस्लामनगर का मामला पुराना है। इसमें जानकारी मिलने पर पीलीभीत की सीओ सिटी को जांच सौंपी थी। जांच रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अजय साहनी, डीआईजी
जांच अभी जारी है। जिन तथ्यों को देखा और जांचा गया है, उनका अवलोकन जारी है। जल्द ही जांच पूरी कर इसकी रिपोर्ट डीआईजी बरेली को सौंपी जाएगी।
नताशा गाेयल, सीओ सिटी
