गंगा एक्सप्रेसवे पर एआई और सुरक्षा के बड़े दावों की निकली हवा: 50 खंभों से तार और MCB गायब, मचा हड़कंप
गंगा एक्सप्रेसवे पर डहरपुर इंटरचेंज के पास 50 खंभों से तार और एमसीबी चोरी हो गई है, जिससे स्ट्रीट लाइटें ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेस वे पर लगे इन्ही खंभो से एमसीबी और तार किये गए चोरी। जागरण
HighLights
दातागंज की ओर उतरने वाले रैंप और मुख्य मार्ग पर वारदात, लगातार लाइटें बंद होने पर चला पता
जागरण संवाददाता, बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे की सुरक्षा के लिए एआइ तकनीक वाले सीसीटीवी कैमरों और 24 घंटे गश्त करने वाली सिक्योरिटी टीम के दावे किए गए, लेकिन चोर सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाकर एक्सप्रेसवे तक पहुंच गए। डहरपुर इंटरचेंज के पास दातागंज की ओर उतरने वाले रैंप और मुख्य मार्ग के 50 खंभों से तार और एमसीबी चोरी कर ली गई।
लगातार स्ट्रीट लाइटें बंद होने पर जांच हुई तो चोरी का पता चला। शुक्रवार को अडानी समूह लिमिटेड के मुख्य सुरक्षा अधिकारी सेवानिवृत्त आइपीएस अवधेश विजेता ने मौके पर पहुंचकर पुलिस से बात की। इसके बाद चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
मेरठ से प्रयागराज तक बने गंगा एक्सप्रेसवे का 92 किलोमीटर हिस्सा बदायूं से होकर गुजरता है। डहरपुर इंटरचेंज के पास किमी संख्या 206.300 से 207.700 के बीच दातागंज की ओर जाने वाले रैंप और मुख्य मार्ग पर अडानी समूह लिमिटेड द्वारा संचालित एक्सप्रेसवे के 50 खंभों से तार चोरी किए गए हैं।
प्रत्येक खंभे से 13 मीटर तार निकाला गया है। चोरी गए तार की अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है। एक्सप्रेसवे के इंसीडेंट मैनेजर शोभित राम निवासी गांव निमाई, बीकापुर, अयोध्या ने दातागंज पुलिस को दिए शिकायती पत्र में डहरपुर निवासी करन, मोना कुमार, आकाश राठौर और नन्हे राठौर पर चोरी की आशंका जताई है। पुलिस ने चारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
इंसीडेंट मैनेजर के अनुसार, आठ से 12 अक्टूबर के बीच रात में चोरी की गई। बिजली की लाइन भूमिगत होने के कारण चोरों ने खंभों के बीच ज्वाइंट वाले स्थान से एमसीबी हटाई और तार खींचकर निकाल लिए।
इससे लाइटों से जुड़ी केबल टूट गई। शुरुआत में लाइटें खराब होने की आशंका के चलते ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन एक के बाद एक खंभों की लाइटें बंद होने पर जांच कराई गई तो 50 खंभों से तार चोरी होने की पुष्टि हुई।
उनका कहना है कि सीसीटीवी कैमरे चल रहे थे, लेकिन चोरी खंभों के नीचे से की गई। बाद में फुटेज देखने पर कुछ स्थानीय युवक वहां घूमते दिखाई दिए। इसी आधार पर चार युवकों पर आशंका जताई गई है।
चोरी से एक्सप्रेसवे की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, दृश्यता और यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हुई है। शनिवार तक सभी खंभों की लाइटें चालू कर दी जाएंगी। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि नामजद चारों आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
