सपा का झंडा लगी कार का कहर: गंगा एक्सप्रेस-वे पर बाइक सवार मां-बेटे को 100 मीटर तक घसीटा, मां की मौत
गंगा एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर सपा का झंडा लगी कार ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी, जिससे ...और पढ़ें

हादसे के बाद खेत पर खड़ी सपा का झंडा लगी कार और उसके नीचे फंसी बाइक। जागरण
HighLights
गंगा एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर हुआ हादसा, गांव शोभनपुर में रिश्तेदारी में जा रहे थे मां-बेटा
संवाद सूत्र, मूसाझाग (बदायूं)। गंगा एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर बुधवार सुबह एक और बड़ा हादसा हो गया। यहां एक सपा का झंडा लगी लग्जरी कार ने बाइक सवार मां बेटे को सामने से टक्कर मार दी। जिससे बाइक और मां बेटे दोनों कार के नीचे ही फंस गए। इसके बाद भी कार चालक उन्हें करीब सौ मीटर तक घसीटते हुए ले गया। जिससे कार के पहिए के नीचे दबकर मां की मौत हो गई, जबकि बेटा घायल हो गया। हादसे को देख आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। जिसे पुलिस ने समझाबुझाकर खुलवाया।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव बभियाना निवासी छविनाथ की पत्नी सावित्री (45) अपने बेटे प्रताप (23) के साथ बाइक से सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव शोभनपुर में रिश्तेदारी में जा रही थीं। मनकापुर कौर चौराहे के पास गंगा एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर सामने से आ रही सपा का झंडा लगी लग्जरी कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कार में फंस गई और मां-बेटा करीब सौ मीटर तक घसीटते चले गए। इसके बाद कार सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायल प्रताप को बाहर निकाला।
वहीं कार के पहिये में फंसी सावित्री को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर सड़क जाम कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक महीने में इसी चौराहे के पास पांच लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चौराहे पर गोल चक्कर या स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कार चालक की तलाश की जा रही है।
