मलेरिया के लार्वा से मुक्ति दिलाएगी गम्बूसिया मछली
तालाबों में गम्बूसिया मछली डाली जा रही है। जो डेंगू के लार्वा सहित अन्य मच्छरों का भी खात्मा करेगी।
जेएनएन, बदायूं : डेंगू, मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। शहर से लेकर गांवों तक मच्छर जनित रोगों पर नकेल कसने की तैयारी है। रोगों की रोकथाम के लिए तालाबों में गम्बूसिया मछली डाली जा रही है। जो डेंगू के लार्वा सहित अन्य मच्छरों का भी खात्मा करेगी। गुरुवार को नगर विकास राज्यमंत्री सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिलाधिकारी कुमार प्रशांत एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने ब्लाक जगत के ग्राम जगुआसई में गम्बूसिया मछलियों को तालाब में छोड़ा। समस्त विकास खण्डो के तालाबों में गम्बूसिया मछली का पालन किया जाएगा। बाद में इन्हें नाली नालों में डाला जाएगा, जिससे मच्छरों का खात्मा होगा। यह मछली मलेरिया, डेंगू, फायलेरिया आदि मच्छरों के लार्वा को खाकर नष्ट कर देती है, जिससे लोगों में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों से निजात मिलेगी।
---
शारीरिक दूरी जरूरी : राज्यमंत्री
मनरेगा मजदूरों के बीच पहुंचे नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने डीएम, एसएसपी के साथ बन रहे चकमार्ग का निरीक्षण किया। 105 श्रमिक लगे हुए थे। श्रमिकों को मास्क एवं बिस्किट वितरित किए। राज्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से बचाव के उपाय बताए साथ ही फिजिकल डिस्टेंसिग जरूरी है। घर से बाहर निकलने पर मास्क एवं गमछा से मुंह को अवश्य ढकें। साफ-सफाई का विशेष ख्याल रहे। सरकार हर पल आपके साथ है। डीएम ने कहा कि देश कोरोना संक्रमण काल से गुजर रहा है। यह संक्रमण किसी संक्रमित व्यक्ति के सम्पर्क में आने से अथवा छूने से तेजी से फैलता है। सभी लोग मास्क लगाए रहें एवं विशेष रूप से साफ-सफाई का ख्याल रखें।