यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बदायूं में रुहेलखंड के मिनी कुंभ मेला ककोड़ा पर हेलीकाप्टर से बरसे फूल
गंगा की कटरी में गुरुवार शाम मनोरम नजारा दिखाई दिया। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने आरती और पूजन के साथ ...और पढ़ें

बदायूं, जेएनएन : गंगा की कटरी में गुरुवार शाम मनोरम नजारा दिखाई दिया। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने आरती और पूजन के साथ मेला का उद्घाटन किया तो रुहेलखंड के मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में हर तरफ गंगा मैया का जयकारा गूंज उठा। मेले में लगी विकास प्रदर्शनी, झूला, सर्कस और मौत के कुंआ की भी शुरूआत हो गई। ककोड़ देवी मंदिर से झंडी पहुंचने के साथ गंगा पूजन कर धार्मिक उद्घाटन चार दिन पहले हो गया था।
मुख्य स्नान पर्व कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री बीएल वर्मा हेलीकाप्टर से ककोड़ा पहुंचे। उन्होंने सांसद डा. संघमित्रा मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, दातागंज चेयरमैन आकाश वर्मा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव के साथ ककोड़ा मेले का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की लगाई विकास प्रदर्शियों का फीता काटकर अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ककोड़ा मेला दुर्भाग्य से कोरोना काल में पिछले वर्ष नहीं लग पाया। लेकिन, यहां की जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग पर जिला पंचायत की अध्यक्ष व अफसरों से वार्ता कर मेला लगाने का निर्णय लिया। इसके अतिरिक्त लखनऊ से भी सहमति लेनी पड़ी। ककोड़ा मेले का उद्घाटन करने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ। हालांकि, इससे पूर्व भी ककोड़ा मेले का सौभाग्य प्राप्त हुआ था क्योंकि गंगा मैया से मेरा पुराना नाता है। कछला गंगा मैया के तट पर रहकर पढ़ाई करना। गांव से इतनी दूर जाना, इसलिए गंगा मां का आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहता है। लोग इस गंगा मेले का आनंद उठाएं गंगा मैया की पूजा करें और स्वच्छता का ध्यान रखें। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने कहा कि सीमित समय में मेला को विहंगम और भव्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए हैं। देर रात नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता भी मेले में पहुंचे। इस दौरान डीएम दीपा रंजन, एसएसपी डा.ओपी सिंह, सीडीओ ऋषिराज, अपर मुख्य अधिकारी सत्यपाल सिंह पालीवाल समेत जिला पंचायत के अधिकारी और जिपं सदस्य मौजूद रहे।
