कब्जे के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, पांच घायल
गांव नगरिया भूरी में भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्ष सामने आ गए। मारपीट में एक ही पक्ष के दो महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए।
फोटो 21 बीडीएन - 51, 52 संसू, उसावां : गांव नगरिया भूरी में भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्ष सामने आ गए। मारपीट में एक ही पक्ष के दो महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए। इनमें तीन लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। तीनों घायलों पर फावड़े से बार हुए हैं। घायलों के इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। फिलहाल घायलों की ओर से तहरीर न मिलने के कारण मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
गुरुवार सुबह गांव में गजराम अपने परिजनों के साथ भूमि पर निर्माण करा रहे थे। आरोप है, गजराम के सगे भाई ऋषिपाल के पुत्र ने इसका विरोध करते हुए गाली-गलौच की। देखते-देखते दोनों पक्ष में मारपीट होने लगी। इसी बीच ऋषिपाल पक्ष के लोगों ने वहां रखे फावड़े उठा लिए। फावड़ों से हमले में गजराम पक्ष के हरवीर, जगवीर, नन्हें, नन्ही देवी और सुखदेवी को चोटें आई हैं। इनमें हरवीर, जगवीर और नन्हे को गहरी चोटें हैं। सूचना पर पहुंची पीआरवी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर लाई। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया। जानकारी पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, आरोपित तब तक फरार हो गए। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि अभी घायलों की तरफ से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।