यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 28, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी में अखिलेश यादव की चुनौतियां बढ़ा रहा सपा विधायक आशुतोष मौर्य का परिवार, खुलकर भाजपा के समर्थन में उतरी फैमिली
Badaun News In Hindi बिसौली से सपा विधायक का परिवार भाजपा के पक्ष में खुलकर मैदान में चुनाव प्रचार में ...और पढ़ें

HighLights
- भाजपा के पक्ष में खुलकर उतरा सपा विधायक का परिवार
- मधु चंद्रा और सुषमा मौर्य महिलाओं की टोली लेकर मांग रहीं वोट
जागरण संवाददाता, बदायूं। बिसौली से सपा विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू का परिवार खुलकर भाजपा को चुनाव लड़ा रहा है। उनकी बहन पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चंद्रा और पत्नी पूर्व चेयरमैन सुषमा मौर्य बिसौली से लेकर सहसवान तक भगवा टोपी लगाकर महिलाओं की टोली लेकर निकल रही हैं। अब उनके सुर सपा विरोधी निकल रहे हैं। पर्दे के पीछे विधायक भी भाजपा के लिए जनसमर्थन जुटाकर सपा की राह में मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं।
जिले में सपा के तीन विधायक हैं, जिनमें सबसे वरिष्ठ आशुतोष मौर्य राजू हैं। पिछले दिनों राज्यसभा चुनाव के दौरान वह भाजपा के खेमे में नजर आए थे। इन्होंने अभी तक सपा तो नहीं छोड़ी है, लेकिन इनकी पत्नी सुषमा मौर्य और बहन मधु चंद्रा ने कुछ दिनों पहले लखनऊ में जाकर विधिवत भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।
विधायक खुलकर मंच पर नहीं आए, पर्दे के पीछे
विधायक तो खुलकर चुनावी मंच पर नहीं आ रहे हैं, लेकिन पर्दे के पीछे से भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन जुटा रहे हैं। बिसौली में भाजपा के पूर्व विधायक कुशाग्र सागर की भी मजबूत पकड़ है। अब दोनों एक साथ हो चुके हैं। महिलाओं की टोली लेकर मधु चंद्रा और सुषमा मौर्य पहले बिसौली क्षेत्र में भाजपा का प्रचार करती दिखीं थी, अब बिल्सी और सहसवान में खुलकर भाजपा के लिए वोट मांगती दिखाई दे रही हैं।
सपा की चुनौतियां बढ़ी
आशुतोष मौर्य बिल्सी से भी विधायक रहे हैं, जबकि सुषमा मौर्य यहां से चेयरमैन रही हैं इसलिए मतदाताओं में इनकी मजबूत पकड़ रही है। बिल्सी में वर्तमान में हरीश शाक्य भाजपा से विधायक हैं। सपा विधायक परिवार की महिलाओं के खुलकर भाजपा का प्रचार करने से सपा की चुनौतियां बढ़ गई हैं।
दो मुस्लिम चेयरमैन भी थाम चुके भाजपा का दामन
बिसौली विधानसभा क्षेत्र में नगर पंचायत सैदपुर के चेयरमैन इशरत अली, फैजगंज के चेयरमैन इसरार अहमद भी भाजपा का दामन थाम चुके हैं। कुछ और चेयरमैन भी भाजपा नेताओं से संपर्क बनाए हुए हैं। बिसौली के वरिष्ठ नेता आशीष गर्ग पहले ही भाजपा में आ चुके हैं। कई ब्लाक प्रमुख और पूर्व ब्लाक प्रमुख भी भगवा रंग में रंग चुके हैं।
