सपा कार्यकर्ताओं पर लगाए जा रहे फर्जी मुकदमे: धर्मेंद्र यादव
सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा क्षेत्र बदायूं के विधानसभा क्षेत्र गुन्नौर के गांव कोहरा में जनसभा को संबोधित किया। बाद में दहगवां में पूर्व विधायक उल्फत सिंह के पुत्र के आकस्मिक निधन पर उनके आवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जासं, बदायूं : सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा क्षेत्र बदायूं के विधानसभा क्षेत्र गुन्नौर के गांव कोहरा में जनसभा को संबोधित किया। बाद में दहगवां में पूर्व विधायक उल्फत सिंह के पुत्र के आकस्मिक निधन पर उनके आवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोहरा की सभा में धर्मेंद्र यादव ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यह प्रदर्शन सांकेतिक है। यदि शीघ्र ही सपा कार्यकर्ताओं व आम जनता का उत्पीड़न प्रशासन के अधिकारियों ने बंद नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। यदि आम जनता अपने घरों मे चैन से नहीं रह सकते तब ऐसी स्थिति में अधिकारियों के घर के सामने विरोध प्रदर्शन कर उन्हें भी अपने घरों में चैन से नहीं रहने दिया जाएगा। पूरे प्रदेश में पूर्व से लेकर पश्चिम से एक षडयंत्र के तहत समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर उनकी हत्याएं की जा रही है तथा फर्जी मुकदमों में जेल भेजकर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों ने अभी तक ऐसी कोई जनकल्याणारी योजना नहीं बनाई है। जिससे आम जनता का भला हो सके। चुनाव से पूर्व किसानों को दो हजार रुपये देकर बहलाया तथा चुनाव के बाद यूरिया का वजन कम कर उसके दाम बढ़ाकर किसानों की भावनाओं के साथ कुठाराघात किया है। इस दौरान राज्यसभा सांसद जावेद अली, फिरोज खां, पूर्व विधायक राम खिलाडी सिंह, सहसवान विधायक ओमकार सिंह, पूर्व विधायक प्रदीप यादव, रामू यादव, फखरे अहमद शोबी, अखिलेश यादव, अवधेश यादव, विपिन यादव, संदीप यादव आदि मौजूद रहे।
------------------