स्वच्छता अभियान पर गंदगी के ढेर का पलीता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान का बदायूं में कोई असर नजर नहीं आ रहा है।
जासं, बदायूं : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान का बदायूं में कोई असर नजर नहीं आ रहा है। शहर की गलियां और नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। कुछ स्थान को तो डंपिग ग्राउंड बना दिया गया है। जिसमें ओवरब्रिज के नीचे क्रासिग पर दुकानदार व फड़ संचालक कूड़ा फेंकते हैं। दूसरा स्थान है इंद्राचौक से दातागंज तिराहे के रास्ते में पेट्रोल पंप के पास का स्थान। जहां आसपास के मुहल्ले तक का कूड़ा डाला जाता है। बरेली रोड से बदायूं में प्रवेश करते समय नई सराय के पास कुछ समय पहले पुलिया बनवाई गई। तभी से उस स्थान को कूड़ाघर बना दिया है। यहां आवारा पशु हमेशा ही विचरण करते रहते हैं। ऐसी ही हालत पथिक चौक के चौराहे की है। जहां हमेशा ही कूड़े का ढेर लगा रहता है। जिम्मेदारों की कार्यशैली का अंदाजा तो जिला महिला अस्पताल को देखकर लगाया जा सकता है। जिसके प्रवेश द्वार पर अस्पताल का कचरा फेंका जाता है, जो कई दिनों तक कूड़ा उठाया तक नहीं जाता।