सीएम योगी आज बदायूं में, करेंगे सियासी पारा गरम
मुख्यमंत्री योगी आज बदायूं में चुनावी सभा करेंगे।
बदायूं : लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों को प्रचार के लिए महज 12 दिन का समय शेष बचा हुआ है। स्टार वार की शुरूआत हो चुकी है। भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को जिले में रहेंगे। बदायूं संसदीय क्षेत्र के कस्बा बिल्सी में सुबह दस बजे वह चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती की चुनावी रैली भी 13 अप्रैल को तय है। अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए भाजपा ने उनसे पहले ही मुख्यमंत्री का कार्यक्रम लगवाया है। इतना ही नहीं जिस दिन जिले में मायावती और अखिलेश यादव का कार्यक्रम लगा है, उसी दिन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की भी चुनावी रैली का कार्यक्रम तय हुआ है। तय कार्यक्रम के अनुसार वह बरेली के फरीदपुर में जनसभा को संबोधित करने के बाद 11.30 बजे बिल्सी पहुंचेंगे, यहां चुनावी रैली करने के बाद आगरा प्रस्थान कर जाएंगे। भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिल्सी में होने वाली मुख्यमंत्री की चुनावी रैली को भगवामय बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।