जिले में बंद बेअसर, खुले रहे बाजार, सामान्य रहे हालात
किसान आंदोलन के समर्थन में भारत बंद जिले में बेअसर रहा। शहर से लेकर कस्बों तक बाजार खुले रहे। शहर की सीमाओं व प्रमुख चौराहों पर पुलिस तैनात रही। पुलिस ने किसी को भी बाजार बंद कराने नहीं जाने दिया। आंशिक रूट डायवर्जन से यातायात व्यवस्था पर फर्क नहीं पड़ा। भाकियू कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर अफसरों को ज्ञापन सौंपा।
जेएनएन, बदायूं : किसान आंदोलन के समर्थन में भारत बंद जिले में बेअसर रहा। शहर से लेकर कस्बों तक बाजार खुले रहे। शहर की सीमाओं व प्रमुख चौराहों पर पुलिस तैनात रही। पुलिस ने किसी को भी बाजार बंद कराने नहीं जाने दिया। आंशिक रूट डायवर्जन से यातायात व्यवस्था पर फर्क नहीं पड़ा। भाकियू कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर अफसरों को ज्ञापन सौंपा। पूर्व मंत्री आबित रजा व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह को पुलिस ने उनके घर पर नजरबंद किया। शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता मालवीय आवास तक पहुंचे और धरना देकर ज्ञापन सौंपा। लोकमोर्चा संयोजक अजीत यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया। डीएम कुमार प्रशांत और एसएसपी संकल्प शर्मा भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे।
भारतीय किसान यूनियन ने भारत बंद का आह्वान किया। कांग्रेस, लोकमोर्चा समेत कई राजनीतिक संगठनों ने समर्थन की घोषणा की थी। पुलिस प्रशासन कल से ही अलर्ट था। सभी बाजार सामान्य दिनों की तरह खुले। भाकियू के कुछ कार्यकर्ता चित्रांशनगर में एकत्रित हुए। मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना व जिला महासचिव सुरेश चंद्र गुप्ता के नेतृत्व में मालवीय आवास तक पहुंचे। यहां प्रदर्शन कर नगर मजिस्ट्रेट और सीओ को ज्ञापन सौंपा। मंडल प्रवक्ता ने कहा कि नए कृषि कानून किसान विरोधी है। नगर अध्यक्ष हारून गौस, सतीश चंद्र साहू, कल्लन मियां, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष नसरीन बेगम, पप्पू सैफी, आरिफ गाजी, बाबूराम गुप्ता, नूरुद्दीन, बिलाल फरीदी, सुरेश दीवान, केपी कश्यप, साबिर हुसैन, राजेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। भाकियू अंबावता गुट के मंडल अध्यक्ष सोहनपाल साहू व जिलाध्यक्ष बृजपाल सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अफसरों को सौंपा। संजीव पटेल, बादाम सिंह, सर्वेश कुमार, ओमपाल सिंह, सतीश सिंह आदि मौजूद रहे। पूर्व मंत्री आबिद रजा के घंटाघर जाने की सूचना पर पुलिस ने उन्हें उनके आवास पर रोका। नगर मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी वहीं पहुंचे और ज्ञापन लिया। कांग्रेस के युवा जिलाध्यक्ष शफी अहमद को भी आवास पर नजरबंद किया। शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता प्रदेश सचिव जितेंद्र कश्यप, शहर अध्यक्ष मोहम्मद असरार अहमद व वफाती मियां के नेतृत्व में लालपुल पर पहुंचे, यहां पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन मालवीय आवास तक पहुंचे और धरना देकर नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इकलास गद्दी, डा.नासिर, भगवान सिंह, मो.हफीज, जमाल चौधरी आदि मौजूद रहे। लोकमोर्चा संयोजक अजीत सिंह यादव को भी घर पर नजरबंद कर बाद में हिरासत में लिया। देर शाम उनको छोड़ा।
वर्जन ::
भारत बंद का जिले में कोई असर नहीं रहा। शहर के बाहर बैरियर लगाकर पुलिस की ड्यूटी लगाई थी। सभी बाजार पूरी तरह खुले रहे, कहीं कोई दिक्कत नहीं रही।
- कुमार प्रशांत, जिलाधिकारी वर्जन ::
भारत बंद का कोई असर नहीं रहा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की ड्यटी लगाई थी। पुलिस अफसर व मजिस्ट्रेट तैनात स्थिति को नियंत्रित करने में सफल रहे।
- संकल्प शर्मा, एसएसपी