विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंद अलमारी से ₹15.5 लाख गायब, जेवर सुरक्षित: बिसौली में व्यापारी के घर चोरी का अनोखा मामला, उड़े होश!

Published: Tue, 18 Aug 2026 07:35 PM (IST)

बिसौली में लकड़ी व्यापारी इरशाद अली के घर से बंद अलमारी से साढ़े 15 लाख रुपये गायब हो गए, जबकि ...और पढ़ें

चोरी की घटना की जानकारी देते व्यापारी इरशाद अली। जागरण

चोरी की घटना की जानकारी देते व्यापारी इरशाद अली। जागरण

HighLights

  1. एसओजी, डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल के आसपास में की पड़ताल

संवाद सहयोगी, बिसौली (बदायूं)। नगर के मोहल्ला पक्की सराय में लकड़ी व्यापारी इरशाद अली के घर की बंद अलमारी से साढ़े 15 लाख रुपये गायब हो गए। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ अंशुमान श्रीवास्तव के साथ एसओजी, डाॅग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मंगलवार सुबह करीब तीन बजे तक पुलिस की टीमें सुराग तलाशती रहीं।

इरशाद अली ने बताया कि वह बांस की टाल चलाने के साथ लकड़ी का कारोबार करते हैं। 20 जुलाई को उन्होंने एक जमीन बेची थी, जिससे मिले 10 लाख रुपये अलमारी में रखे थे।

कारोबार की करीब साढ़े पांच लाख रुपये की रकम भी बाद में उसी अलमारी में रख दी गई। इस तरह कुल साढ़े 15 लाख रुपये जमा थे। 16 अगस्त को इरशाद अपनी पत्नी शबाना, तीन बच्चों और बहन के साथ फैजगंज में रहने वाली दूसरी बहन के घर गए थे।

परिवार लौटकर घर आया। सोमवार रात करीब 10 बजे शबाना ने अलमारी खोली तो उसमें नकदी गायब थी। अलमारी में केवल 400 रुपये मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि अलमारी का ताला बंद था और मकान के अन्य तालों पर भी छेड़छाड़ के निशान नहीं मिले। इसके अलावा अलमारी में रखे जेवर और दूसरे बैग में रखी रकम भी सुरक्षित मिली।

मकान के पीछे खेत से कुछ कागज और एक डिब्बा मिलने पर पुलिस ने उन्हें कब्जे में लिया है। सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि व्यापारी ने अभी लिखित तहरीर नहीं दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

बंद अलमारी में जेवर सुरक्षित, दूसरे बैग की रकम भी नहीं गई

जिस अलमारी से साढ़े 15 लाख रुपये गायब हुए, उसी में रखे जेवर सुरक्षित मिले। दूसरे बैग में रखी रकम भी नहीं ली गई। इससे पुलिस चोरी के तरीके और उस व्यक्ति की जानकारी को लेकर पड़ताल कर रही है, जिसे नकदी के बारे में जानकारी हो सकती है।

तीसरी मंजिल का दरवाजा और दूसरी मंजिल का वेंटिलेटर खुला मिला

परिवार के मुताबिक सोमवार को घर में बंदर आ गया था। उसे भगाने के दौरान तीसरी मंजिल की एक कीबाड़ खुली मिली, जबकि उसे किसी ने खोलने की बात नहीं मानी। दूसरी मंजिल का वेंटिलेटर भी खुला था। इन बिंदुओं को भी पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।

यह भी पढ़ें- बदायूं में कांवड़ लेकर लौट रही बुजुर्ग महिला को बाइक सवारों ने मारी टक्कर, मारपीट का भी आरोप; मौत