आधी रात को कॉलेज की जमीन कब्जाने की साजिश: मोबाइल फ्लैश में लगा रहे थे आंबेडकर प्रतिमा, पुलिस ने मौके पर दबोचा
बिल्सी के बैरमई बुजुर्ग गांव में ग्राम समाज इंटर कॉलेज की जमीन पर आंबेडकर प्रतिमा लगाकर अवैध कब्जे का प्रयास ...और पढ़ें

मौके पर पड़ा अवैध निर्माण का मलबा
HighLights
आसपास के बंद कर दिए गए थे बल्ब, मोबाइल की रोशनी में लगाई जा रही थी प्रतिमा, कई पकड़े
संवाद सहयोगी, बिल्सी (बदायूं)। फैजगंज के राजा के सीकरी गांव के बाद अब बिल्सी के गांव बैरमई बुजुर्ग में आंबेडकर प्रतिमा लगाकर मंगलवार रात ग्राम समाज इंटर कालेज की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई। आरोपितों ने आसपास के बल्ब बंद कर दिए थे और मोबाइल की रोशनी में आंबेडकर प्रतिमा लगाई जा रही थी।
गनीमत रही कि पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई और वहां सीकरी कांड होने से बच गया। प्रतिमा को वहां से बरामद कर लिया गया। इसमें कालेज के प्रधानाचार्य की ओर से 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह मामला मंगलवार देर शाम का है। गांव में ग्राम समाज इंटर कालेज है और उसके बराबर में इंटर कालेज की कृषि भूमि भी है। इंटर कालेज के प्रधानाचार्य राजीव कुमार शर्मा के मुताबिक कालेज की भूमि पर ईंट, बजरी और सीमेंट लाकर पहले से डाल दिया गया था।
वहां मंगलवार रात कुछ लोगों ने चबूतरा बनाना शुरू कर दिया। केवल मोबाइल की रोशनी जला कर आंबेडकर प्रतिमा लगा रहे थे। आसपास के लोगों ने देखा कि यहां कुछ गलत हो रहा है तो उन्होंने तत्काल प्रधानाचार्य को सूचना दी। वह मौके पर पहुंच गए और थाना पुलिस भी आ गई। उसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करते हुए कई लोगों को मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस ने प्रधानाचार्य की तहरीर पर श्रीचंद, दीवान, सुरजीत, प्रशांत, वीरपाल, विजय सिंह, लेखराज, मोहित, जयचरण, करण सिंह, लकी, राजेंद्र और कुछ अज्ञात के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रतिमा लगाने की कोशिश की सूचना पर तुरंत पुलिस भेजी गई थी। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है कि आखिर रात के अंधेरे में प्रतिमा लगाने की जरूरत क्यों पड़ी और इसके पीछे कौन लोग हैं। गांव में शांति व्यवस्था कायम है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
- आलोक सिद्धू, सीओ बिल्सी
यह भी पढ़ें- बदायूं में फर्जी मजदूरों के नाम पर डकार गए 2 लाख; प्रधान और सचिव की बढ़ी मुश्किलें, जवाब से अधिकारी असंतुष्ट
