विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं की बेटियां नाम कर रहीं रोशन, हाथ के अलावा मुंह-पैर से बनाती हैं पेंटिंग; आनंद महिंद्रा कर चुके तारीफ

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:52 PM (GMT+05:30)

बदायूं में नूरजहां, मदीहा, फारिहा, सृष्टि और प्रियांशी जैसी कई प्रतिभाशाली महिला चित्रकार हैं, जिन्होंने अपनी कला से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।    

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के हाथों सम्मानित होती हुईं कलाकार नूरजहां। (तस्वीर- जागरण)

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के हाथों सम्मानित होती हुईं कलाकार नूरजहां। (तस्वीर- जागरण)

जागरण संवाददाता, बदायूं। रंगों और कूची के सहारे कैनवास पर कल्पनाओं को जीवंत करने वाली प्रतिभाओं की बदायूं में कमी नहीं है। यहां छोटे गांवों से लेकर शहर तक ऐसी बेटियां हैं, जिन्होंने चित्रकला को सिर्फ शौक नहीं, बल्कि अपनी पहचान बनाने का माध्यम बनाया है।

किसी ने एक साथ 15 महापुरुषों के चित्र बनाकर देशभर का ध्यान खींचा तो किसी ने अपनी कलाकृतियों के जरिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल किया। कोई स्टिल लाइफ और कंपोजीशन पेंटिंग में पारंगत है तो कोई मंडोला आर्ट के जरिए अपनी अलग दुनिया रच रहा है। इसके बावजूद इन प्रतिभाओं को एक मंच पर लाकर उनकी कला को पहचान दिलाने की कोई व्यवस्थित व्यवस्था जिले में नजर नहीं आती।

विजय नगला की नूरजहां इसका सबसे चर्चित उदाहरण हैं। सामान्य परिवार से आने वाली नूरजहां ने अपनी अनूठी चित्रकारी से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। उन्होंने एक साथ 15 महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र बनाने का हुनर दिखाया। उनके इस प्रयोग की चर्चा उद्योगपति आनंद महिंद्रा तक पहुंची और उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर नूरजहां की प्रतिभा की सराहना की थी।

नूरजहां की विशेषता सिर्फ एक साथ कई चित्र बनाना ही नहीं है, बल्कि वह हाथों के साथ मुंह और पैरों से भी चित्रकारी करती हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्र मुंह से तथा अभिनेता सलमान खान का चित्र पैर से बना चुकी हैं।

चायपत्ती, माचिस की तीलियों, मोतियों और धागों जैसी सामान्य वस्तुओं से भी कलाकृतियां तैयार करती हैं। वर्ष 2025 में उनके हुनर और संघर्ष पर आधारित एक कार्यक्रम में उनके बच्चों को चित्रकला सिखाने और कला के माध्यम से सामाजिक जुड़ाव बनाने के प्रयास भी सामने आए।

वहीं सहसवान की मदीहा रहमान और फारिहा रहमान भी चित्रकला में अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। दोनों बहनों ने पढ़ाई के दौरान ही पेंटिंग को अपनी रुचि और रचनात्मक अभिव्यक्ति का हिस्सा बनाया। दोनों स्टिल लाइफ और कंपोजीशन पेंटिंग में रुचि रखती हैं।

वहीं शहर के पंजाबी चौक निवासी सृष्टि वैश्य मंडोला आर्ट में दक्षता रखती हैं। ज्यामितीय आकृतियों और बारीक डिजाइनों के मेल से तैयार होने वाली इस कला के जरिए वह अपनी रचनात्मकता को आकार दे रही हैं। इसके अलावा शहर के सैयदबाड़ा निवासी प्रियांशी बुलबुल ने भी चित्रकला के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्हें वर्ष 2008 और 2009 में राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिताओं में सम्मान मिला था।

वर्ष 2019 में भव्या इंटरनेशनल की ओर से राष्ट्रीय पुरस्कार और 2020 में मेरठ की प्रकृति फाउंडेशन की ओर से भी सम्मानित किया गया। उनकी चित्रकला पर आधारित पुस्तक कला के रंग, देश के संग भी प्रकाशित हो चुकी है।

इसमें देश की विभिन्न समस्याओं को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया है। बदायूं की बेटियों ने अपने हुनर से साबित किया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। जरूरत है तो बस उसे पहचानने, निखारने और आगे बढ़ाने की। रंगों से जिले की पहचान बनाने वाली इन कलाकारों को अब सरकारी संरक्षण और स्थायी मंच का इंतजार है।

एक जिला-एक कला से खुल सकती हैं संभावनाएं

प्रदेश में स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने वाली एक जिला एक उत्पाद योजना की तर्ज पर अब एक जिला-एक कला पहल की घोषणा हुई है। 13 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के स्थापना दिवस समारोह में इसकी घोषणा करते हुए हर जिले की विशिष्ट कला और सांस्कृतिक विरासत को मंच देने की बात कही।

संस्कृति विभाग और विभिन्न अकादमियों को इसमें सहभागिता करने का सुझाव दिया गया है। हालांकि अभी इसके क्रियान्वयन को लेकर कोई सक्रियता नजर नहीं आई है। बदायूं में भी इस पहल को चित्रकला की प्रतिभाओं से जोड़ने की जरूरत है। जिला प्रशासन और संस्कृति विभाग संयुक्त रूप से ऐसी प्रतिभाओं की सूची तैयार करें तो गांवों में छिपा हुनर भी सामने आ सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।