विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के इस शहर के 12 खिलाड़ी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम, हैदराबाद में बिखेरेंगे जलवा

Published: Wed, 21 Oct 2026 10:43 AM (IST)

बदायूं के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय अंतरजनपदीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए चयन ट्रायल संपन्न हुआ।

बदायूं के 12 खिलाड़ी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम।

बदायूं के 12 खिलाड़ी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम।

HighLights

  1. बदायूं में राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए ट्रायल संपन्न।

  2. कुल 12 खिलाड़ियों का चयन, हैदराबाद में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व।

  3. दौड़, कूद और ट्रायथलान स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम।

जागरण संवाददाता, बदायूं। हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय अंतरजनपदीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए नगर के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज मैदान में खिलाड़ियों का चयन ट्रायल संपन्न हुआ।

राष्ट्रीय एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में आयोजित इस ट्रायल में दौड़ व कूद आदि स्पर्धाओं में 80 खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। चयनित हुए 12 खिलाड़ी 14 से 16 नवंबर तक राष्ट्रीय मंच पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खेल मैदान में जैसे ही सीटी बजी, एथलीटों का उत्साह देखते ही बन रहा था। 600 और 800 मीटर की दौड़ हो या बाधा दौड़, हर खिलाड़ी प्रतियोगिता में जगह बनाने के लिए जी तोड़ मेहनत करता नजर आया। स्थानीय खेल प्रेमियों की भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट से युवाओं का हौसला बढ़ाया।

हालांकि, उम्र की जांच को लेकर कुछ देर के लिए असमंजस की स्थिति भी बनी, जिसे आयोजकों ने समय रहते सुलझा लिया। संघ के जिला सचिव रामदास यादव ने बताया कि 16 वर्ष आयु वर्ग में हितेश कश्यप, गुड्डू यादव और दीक्षा कुमारी ने 600 मीटर दौड़ में सफलता हासिल की।

वहीं विभु पाल 80 मीटर बाधा दौड़, सरताज 60 मीटर बाधा दौड़, सिद्धार्थ यादव लंबी कूद तथा जीवेश कुमार व कुसुम ट्रायथलान में चयनित हुए। वहीं, 14 वर्ष आयु वर्ग में शिवा शाक्य, अंशुल यादव, शालू और जगनेश ने अपनी प्रतिभा के बल पर टीम में स्थान बनाया। प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि रामप्रवेश यादव ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रमाणपत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने में निर्णायक मंडल के संजीव कुमार, चांद मोहम्मद, इकबाल अहमद और आराम सिंह की भूमिका सराहनीय रही। अब जिले के ये होनहार देश भर के दिग्गज एथलीटों के बीच अपनी प्रतिभा का परचम लहराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

यह भी पढ़ें- 91 रन की तूफानी पारी खेलने के बाद फूट-फूटकर रोने लगीं हरमनप्रीत कौर, देखें इमोशनल Video