विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं रोडवेज बस अड्डे के निर्माण का रास्ता साफ: UP CIDSCO को मिली जिम्मेदारी, इन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया परिसर

Published: Wed, 07 Oct 2026 06:30 AM (GMT+05:30)

बदायूं रोडवेज बस अड्डे के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है, जिसकी जिम्मेदारी अब यूपी सिडको को सौंपी गई ...और पढ़ें

एआई इूमेज

एआई इूमेज

HighLights

  1. लंबे इंतजार के बाद निर्माण का रास्ता हुआ साफ, जल्द शुरू होगा बस अड्डा परिसर का कायाकल्प

उमेश राठौर, बदायूं। शहर के लोगों को लंबे समय के बाद आखिरकार अच्छी खबर मिल ही गई। जो रोडवेज बस अड्डा वर्षों से खंडहर होने की कगार पर पहुंच रहा था। उसके निर्माण को धनराशि मंजूर हो गई थी लेकिन पिछले काफी समय से निर्माण एजेंसी नहीं मिल रही थी। इससे निर्माण कार्य लगातार आगे बढ़ता जा रहा था।

दैनिक जागरण ने इस मुद्दे को अपने एजेंडा में शामिल कर एजेंसी न मिलने की बात को प्रमुखता से प्रकाशित किया। नतीजा सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने परिवहन मंत्री से मुलाकात कर इस पर बात की। इसके बाद अब इस समस्या का भी समाधान हो गया।

रोडवेज बस अड्डे को अब निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था मिल गई है। परिवहन निगम ने यूपी सिडको को बस अड्डे के निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी है। इससे अनुमान है कि अब जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू हो सकता है।

रोडवेज बस अड्डा निर्माण का ठेका यूपी सिडको को देने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इससे पहले कार्यदायी संस्था का अभाव निर्माण में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ था।

निगम के अधिकारियों ने हाल ही में रोडवेज बस अड्डे और प्राइवेट बस अड्डे का निरीक्षण किया था, जिसमें निर्माण स्थल की स्थिति, आवागमन मार्ग और यात्रियों के लिए प्रस्तावित सुविधाओं का आकलन किया गया।

निर्माण की योजना के अनुसार, नए बस अड्डे में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें बेहतर प्रतीक्षालय, साफ-सुथरे शौचालय, पेयजल की व्यवस्था, टिकट काउंटर, बसों के खड़े होने के लिए प्लेटफार्म और चालक-परिचालक के लिए व्यवस्था शामिल है।

साथ ही पुराने जर्जर भवनों को हटाकर उनकी जगह नए भवन बनाए जाएंगे। निर्माण के बाद शहर में अव्यवस्थित तरीके से खड़े होने वाली बसों की समस्या भी कम होगी और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।

अधिकारियों का कहना है कि सिडको के पास निर्माण कार्य का पर्याप्त अनुभव है। इसलिए निगम को उम्मीद है कि तय समय के भीतर बस अड्डे का निर्माण पूरा हो जाएगा। कार्य शुरू होने के बाद निर्माण की निगरानी परिवहन निगम के साथ-साथ प्रशासन स्तर पर भी की जाएगी।

जागरण ने उठाया था कार्यदायी संस्था का मुद्दा

दैनिक जागरण ने तीन सितंबर को कार्यदायी संस्था न मिलने की समस्या को लेकर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। खबर प्रकाशित होने के बाद परिवहन निगम और प्रशासन ने इस मामले में सक्रियता दिखाई। अधिकारियों ने बताई थी कि निर्माण के लिए एजेंसी की तलाश की जा रही है। अब सिडको के चयन के बाद इस समस्या का समाधान हो गया है।

अब जनपदवासियों को होगी राहत

शहर में यह रोडवेज बस अड्डा काफी पुराना और जर्जर हो चुका था। यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ की समस्या भी रहती है। नए बस अड्डे के निर्माण से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और शहर की छवि भी सुधरेगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बस अड्डे का निर्माण लंबे समय से लंबित था। इसके लिए कई बार मांग उठाई गई। अब निर्माण शुरू होने से लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही शहर को एक बेहतर बस अड्डा मिलेगा।

लोगों को मिलेगा रोजगार, दुकानदारों की बढ़ेगी आमदनी

नया रोडवेज बस अड्डा बनने के बाद यहां चौराहे के हालात ही बदल जाएंगे। यहां रौनक भी काफी बढ़ जाएगी और रोडवेज बस अड्डा परिसर में काफी जगह हो जाएगी। इससे लोगों को रोजगार मिलेगा और आसपास के दुकानदारों की आमदनी बढ़ेगी। इससे लोग बस अड्डे के निर्माण की शुरूआत का इंतजार कर रहे हैं।

 

यह बात सही है कि पहले रोडवेज बस अड्डा के निर्माण को कार्यदायी संस्था नहीं मिल रही थी लेकिन अब यूपी सिडको को ठेंका मिल गया है। कुछ अधिकारी यहां का सर्वे करके ले गए हैं। अब अनुमान है कि जल्द ही इसका निर्माण भी शुरू हो जाएगा।

- राजेश पाठक, एआरएम


यह भी पढ़ें- बदायूं वासियों के लिए बड़ी खबर: बाइपास पर नए बस अड्डे का प्रस्ताव तैयार, बदल जाएगी शहर की सूरत