विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे का बड़ा फैसला: अब हर 24 कोच वाली LHB ट्रेन में होंगे 4 जनरल और 8 स्लीपर डिब्बे, भीड़ से मिलेगी राहत

Published: Wed, 12 Aug 2026 07:21 PM (IST)

रेलवे बोर्ड ने लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए नया नियम लागू किया है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज

प्रतीकात्मक इमेज

HighLights

  1. बदायूं से मुंबई, दिल्ली, लखनऊ और बिहार जाने वाली ट्रेनों में होंगी चार जनरल बोगियां

जागरण संवाददाता, बदायूं। ट्रेन से सफर करने वाले आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है। रेलवे बोर्ड के नए नियम के तहत लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में अब कम से कम चार जनरल डिब्बे लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। इन ट्रेनों को 24 कोच की एलएचबी क्षमता तक बढ़ाया जाएगा। पीआरओ सफदर हुसैन के मुताबिक अधिकांश ट्रेनों में चार बोगियां लगा दी गई हैं और बची हुई ट्रेनों में भी अतिरिक्त जनरल की बोगियां लगाई जाएंगी।

बदायूं से मुंबई, दिल्ली, लखनऊ और आगरा के अलावा राजस्थान, बिहार व महाराष्ट्र जैसे प्रमुख राज्यों की ओर जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों को अक्सर भारी भीड़ का सामना करना पड़ता था।

विशेषकर अनारक्षित और स्लीपर श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सीटें मिलना काफी चुनौतीपूर्ण हो जाता था। इसी समस्या को दूर करने के लिए रेलवे ने ट्रेनों के रेक में बदलाव करने का निर्णय लिया है।

नए मानकों के अनुसार, एलएचबी प्लेटफार्म की 24 कोच वाली मानक क्षमता की ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब प्रत्येक लंबी दूरी की ट्रेन में अनिवार्य रूप से चार अनारक्षित जनरल डिब्बे और इसके साथ-साथ छह से आठ स्लीपर डिब्बे जोड़ना भी ज़रूरी कर दिया गया है।

पीआरओ सफदर हुसैन ने बताया कि यह कवायद पहले भी शुरू की गई थी, जिसके तहत कई ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां जोड़ी गई थीं। फिलहाल ऐसी शायद ही कोई ट्रेन बची हो जिसमें केवल दो जनरल कोच हों। जिन ट्रेनों में अभी भी दो डिब्बे हैं, उनमें दोबारा अभियान चलाकर अतिरिक्त बोगियां जोड़ने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है, जिससे आम यात्रियों को भीड़ से बड़ी राहत मिलेगी।

 

अधिकांश लंबी दूरी की ट्रेनों में चार जनरल डिब्बे पहले से लगा दिए गए हैं। बची हुई दो डिब्बों वाली ट्रेनों में भी जल्द अतिरिक्त बोगियां जोड़ दी जाएंगी ताकि यात्रियों को राहत मिले।

- सफदर हुसैन, पीआरओ इज्जतनगर मंडल


यह भी पढ़ें- बदायूं की गोशालाओं में गोवंशों की मौत से हड़कंप: एनजीओ से छीना संचालन, कई जगह ब्लैकलिस्ट की तैयारी