देहरादून से घर लौटा और गांव में बना डाला आलीशान मकान, बदायूं में पुलिस ने दबोचा शातिर चोर; 1.10 करोड़ बरामद
देहरादून में एक उद्योगपति की कार से नकदी चोरी के आरोप में उमेश वाल्मीकि को बदायूं से गिरफ्तार किया गया।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
उमेश वाल्मीकि देहरादून चोरी मामले में बदायूं से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने 1.10 करोड़ रुपये और 150 ग्राम सोना बरामद किया।
आरोपी ने चोरी के पैसों से गांव में आलीशान मकान बनवाया था।
जागरण संवाददाता, बदायूं। देहरादून से छह महीने पहले गांव लौटकर आलीशान मकान बनवाने वाला उमेश वाल्मीकि गिरफ्तार कर लिया गया। देहरादून की पुलिस ने उसके घर से 1.10 करोड़ रुपये और 150 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए। टीम उसे अपने साथ ले गई।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उमेश को देहरादून में उद्योगपति की कार से नकदी चोरी के आरोप में पकड़ा गया। वहां की पुलिस ने इससे अधिक जानकारी नहीं दी है। उमेश, उसका साला व भांजा पहले दिल्ली, फिर देहरादून के काल सेंटर में नौकरी करने लगा था।
ग्रामीणों ने बताया कि वह छह महीने पहले नौकरी छोड़कर गांव लौट आया। उसका साला व भांजा पिछले सप्ताह पकड़ा गया था। उन दोनों से पूछताछ एवं सर्विलांस सेल की मदद से शनिवार को देहरादून की पुलिस ने उमेश को पकड़ा। उस समय उससे 10 लाख रुपये एवं 150 ग्राम सोना बरामद हुआ था।
इस पर उसकी पत्नी का कहना था कि सोने के जेवर शादी में बनवाए थे। रविवार दोपहर को टीम दोबारा गांव पहुंची। उस समय उमेश की पत्नी घर पर नहीं थी। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने उमेश के मोबाइल फोन से उनकी पत्नी को फोन कराया। उनसे कहा कि बैग में रखे एक करोड़ रुपये गांव के बाहर भेजो।
कुछ ही देर में उन्होंने रुपयों भरा बैग भेज दिया। पुलिस उसे लेकर देहरादून लौट गई। बताया जाता है कि कार में उमेश का भांजा व साला भी था। उमेश की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आठ रुपये कम होने की बात कहकर धमकाया कि पति का एनकाउंटर कर देंगे। इंस्पेक्टर क्राइम उरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि देहरादून पुलिस से विस्तृत जानकारी ली जा रही है।
