बदायूं में SSP की बड़ी कार्रवाई, ककराला के दो सिपाही लाइन हाजिर; आठ अन्य पुलिसकर्मियों का तबादला
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बदायूं की ककराला चौकी पर पुलिसकर्मियों के खराब व्यवहार की शिकायतों के बाद कार्रवाई की है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
एसएसपी अंकिता शर्मा ने ककराला चौकी पर कार्रवाई की।
दो आरक्षी लाइन हाजिर, आठ पुलिसकर्मी स्थानांतरित किए गए।
पुलिसकर्मियों के अभद्र व्यवहार की शिकायतों पर हुई कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, बदायूं। जिले के थाना अलापुर की चर्चित ककराला चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने रविवार को कार्रवाई की। आरक्षी विकास कुमार और शीलेंद्र कुमार को चौकी से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया गया। दोनों को पुलिस लाइन भेजते हुए वहां आमद कराने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि चौकी प्रभारी पर राडार पर हैं।
दोनों सिपाहियों के व्यवहार को लेकर लगातार शिकायतें अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया। इसके बाद एसएसपी ने दोनों को ककराला चौकी से हटाने का निर्णय लिया। कार्रवाई के साथ ही चौकी के स्टाफ में भी बदलाव किया गया है।
इसके अलावा ककराला चौकी पर तैनात आठ अन्य सिपाहियों को भी वहां से हटाया गया है। इनमें कुछ को अलापुर थाने तो कुछ को दूसरी चौकियों पर भेजा गया है। वहीं, अलापुर थाने की अन्य चौकियों पर तैनात सिपाहियों को ककराला चौकी पर भेजकर नया स्टाफ तैनात किया गया है।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ शालीन और जिम्मेदार व्यवहार के लिए लगातार निर्देशित किया जाता है। थाने या चौकी पर आने वाले लोगों की शिकायत सुनना पुलिस की जिम्मेदारी है। अभद्र व्यवहार या लापरवाही की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं अलापुर थाने में तैनात सिपाही रविंद्र को भी थाने से हटाकर म्याऊं चौकी भेजा गया है।
