बदायूं के सीकरी में आंबेडकर प्रतिमा पर बवाल: पुलिस पर पथराव, 8 पुलिसकर्मी घायल, 7 हिरासत में
बदायूं के सीकरी गांव में सरकारी जमीन पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर बवाल हुआ। ग्रामीणों ने पुलिस ...और पढ़ें
HighLights
सरकारी जमीन पर प्रतिमा लगाने की जिद पर अड़े ग्रामीण, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, सात लोग हिरासत में
एसपी देहात ने संभाला मोर्चा, पांच थानों की फोर्स तैनात, एसडीएम और सीओ समेत कई गाड़ियों में तोड़फोड़
संवादसूत्र, आसफपुर (बदायूं)। फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सीकरी में डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर मंगलवार देर शाम बवाल हो गया। एक पक्ष सरकारी जमीन पर ही प्रतिमा लगाने की जिद पर अड़ गया। पहले सड़क जाम करने की कोशिश की, फिर देर शाम पुलिस टीम पर ही पथराव कर दिया। पथराव में आठ पुलिस कर्मी घायल हो गए।
एसडीएम-सीओ समेत कई गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी गई। जवाब में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। सूचना पर एसएसपी अंकिता शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। गांव में पुलिस बल तैनात है।
सीकरी गांव के बाहर ग्राम समाज की जमीन पर सोमवार रात बाबा साहेब डाॅ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा लगाई गई थी। आरोप है कि मंगलवार भोर में अज्ञात लोगों ने प्रतिमा गिरा दी। सुबह लोग इकट्ठा होकर उसी जगह दोबारा प्रतिमा लगाने लगे।
चौकी इंचार्ज जोगेंद्र बालियान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रतिमा का हाथ तोड़ दिया। इसके बाद ग्रामीण आसफपुर-फैजगंज रोड पर जाम लगाने की कोशिश करते हुए धरने पर बैठ गए।
सूचना पर फैजगंज बेहटा, उघैती, बिसौली, इस्लामनगर और वजीरगंज थानों की पुलिस पहुंच गई। एसपी देहात डा. हृदेश कुमार कठेरिया, एसडीएम बिसौली प्रियंका और सीओ अंशुमन सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया।
पुलिस का कहना है कि मौके पर मिली प्रतिमा टूटी नहीं है, बल्कि नई लाई गई है। गांव के लोग ही इस मुद्दे पर दो पक्षों में बंटे हैं। अधिकारियों ने साफ कहा कि सरकारी जमीन पर बिना अनुमति प्रतिमा नहीं लगाई जा सकती, निजी जमीन पर लगा सकते हैं।
इसी बात पर अड़े एक पक्ष ने देर शाम हंगामा खड़ा कर दिया। भीड़ में से कुछ लोगों ने एसडीएम, सीओ, फायर ब्रिगेड और थानों की गाड़ियों में तोड़फोड़ की और पुलिस के ऊपर पथराव कर दिया। आगे खड़ी महिला पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया, जिसमें महिला पुलिसकर्मी समेत आठ पुलिस कर्मी घायल हो गए।
पथराव में एक स्थानीय पत्रकार और गांव के कुछ लोगों को भी चोट आई है। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा दिया। देखते ही देखते कई घर खाली हो गए। गांव में तत्काल पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इस दौरान सात लोगों को हिरासत में लिया गया है।
दोपहर तक चलती रही नोकझोंक, शाम को किया बवाल और पथराव
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी में सुबह से लेकर दोपहर तक पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों से नोकझोंक चलती रही। एक पक्ष लगातार अपनी मांग पर अड़ा रहा। अधिकारियों ने उन्हें शांत कराने का काफी प्रयास किया और समझाया भी, लेकिन वह नहीं माने लेकिन देर शाम उन्होंने हरकत कर डाली और इससे गांव में बवाल हो गया।
सरकारी जगह पर बिना अनुमति प्रतिमा नहीं लगने दी जाएगी। लोगों को समझाया गया लेकिन वह लोग नहीं माने। उन्होंने पुलिस के ऊपर पथराव कर दिया। इसमें कई गाड़ियां टूटी हैं और कुछ कर्मचारियों को चोट आई है। इसमें सात आरोपित हिरासत में लिए गए हैं।
- डाॅ. हृदेश कुमार कठेरिया, एसपी देहात
यह भी पढ़ें- बदायूं हत्याकांड: प्रधानी की रंजिश में शिशु भान की हत्या करने वाले 3 भाइयों समेत 6 दोषियों को उम्रकैद
